लखनऊ 23 नवंबर (आरएनएस ) इण्डियन रेडक्रॉस सोसाइटी उत्तर प्रदेश राज्य शाखा द्वारा लखनऊ में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त ब्लड बैंक की स्थापना की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए शनिवार को इसका भूमि पूजन किया गया। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री तथा रेडक्रॉस सोसाइटी के सभापति ब्रजेश पाठक ने शिलान्यास करते हुए कहा कि यह ब्लड बैंक प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण एवं नि:शुल्क रक्त सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाएगा।
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि रेडक्रॉस द्वारा तैयार किया जा रहा यह ब्लड बैंक आधुनिक तकनीक से सुसज्जित होगा, जहां जरूरतमंदों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जाएगा। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश में कोई भी मरीज रक्त के अभाव में अपनी जान न गंवाए और इस दिशा में रेडक्रॉस का यह कदम सराहनीय है।इस अवसर पर रेडक्रॉस सोसाइटी उत्तर प्रदेश के उपसभापति अमरनाथ मिश्र ने बताया कि ब्लड बैंक का निर्माण कार्य तेज गति से पूरा कराया जाएगा, ताकि जल्द से जल्द यह जनसेवा के लिए समर्पित हो सके। उन्होंने कहा कि आधुनिक प्रणाली से लैस यह केंद्र प्रदेश के स्वास्थ्य तंत्र को और मजबूत बनाएगा।कार्यक्रम के समापन पर रेडक्रॉस सोसाइटी के महासचिव रामानंद कटियार ने सभी अतिथियों, गणमान्य सदस्यों, स्वयंसेवकों और स्टाफ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस सोसाइटी हमेशा मानव सेवा के कार्यों में अग्रणी रही है और यह ब्लड बैंक उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

