लखनऊ 23 नवंबर (आरएनएस )कमिश्नरेट द्वारा संचालित मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत रविवार को थाना हसनगंज की महिला पुलिस टीम ने झूलेलाल पार्क, नदवा रोड पर एक प्रभावी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं, छात्राओं और बच्चों को सुरक्षा, सहायता एवं डिजिटल जागरूकता से सशक्त बनाना था।महिला कांस्टेबल नीलम, पूजा, तारावती, निधि जावला और नमिता सोलंकी की टीम ने मौके पर उपस्थित लगभग 20–25 महिलाओं और बच्चों को मिशन शक्ति केंद्र, महिला हेल्प डेस्क, आपातकालीन हेल्पलाइनों, यूपी कॉप ऐप और साइबर अपराधों से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को 1090, 112, 108, 1098 और 1076 जैसे प्रमुख हेल्पलाइन नंबरों का महत्व बताया गया, जिनका उपयोग संकट की घड़ी में तुरंत सहायता पाने के लिए किया जा सकता है। साथ ही साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन उत्पीडऩ और डिजिटल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों पर उन्हें जागरूक किया गया। महिलाओं को साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल और यूपी कॉप ऐप की सुविधाएं भी समझाई गईं, जिससे वे ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने और रियल-टाइम सहायता प्राप्त करने में सक्षम हो सकें।मिशन शक्ति 5.0 के तहत लखनऊ के 54 थानों में महिला सुरक्षा केंद्रों की स्थापना की जा चुकी है, जिनमें नियुक्त महिला एवं पुरुष पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया गया है कि थाने पर आने वाली हर महिला की समस्या का त्वरित और संवेदनशीलतापूर्वक निस्तारण किया जाए।झूलेलाल पार्क में आयोजित यह कार्यक्रम महिलाओं और बच्चियों को सुरक्षा संसाधनों, कानूनी जानकारी और डिजिटल जागरूकता से लैस कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ। इस पहल ने न केवल सुरक्षा का संदेश दिया, बल्कि समाज में जागरूकता और आत्मविश्वास की भावना को भी मजबूत किया।मिशन शक्ति का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बच्चों के लिए एक सुरक्षित, सजग और सशक्त वातावरण का निर्माण करना है, जिसमें वे भयमुक्त होकर अपने अधिकारों का उपयोग कर सकें और आपात स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

