लखनऊ 17 जून (आरएनएस )। केंद्र सरकार के 12 वर्ष तथा उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर नगर निगम लखनऊ द्वारा चलाए जा रहे जन चौपाल अभियान के तहत बुधवार को जोन-4 के गोमती नगर वार्ड स्थित मारुति पुरम पार्क में जन चौपाल का आयोजन किया गया। महापौर सुषमा खर्कवाल की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं, सुझाव और क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दे सीधे प्रशासन के समक्ष रखे जन चौपाल में नागरिकों ने सबसे प्रमुख रूप से पेयजल आपूर्ति की समस्या को उठाया। मारुति पुरम एवं आसपास के क्षेत्रों के निवासियों ने बताया कि लंबे समय से पानी की अनियमित आपूर्ति के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई इलाकों में पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए महापौर ने जलकल विभाग के अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर समस्या के स्थायी समाधान के निर्देश दिए।कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों ने एचएएल नाले की जर्जर स्थिति का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। नागरिकों ने बताया कि नाले के क्षतिग्रस्त होने के कारण जल निकासी प्रभावित हो रही है और बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर हो सकती है। इस पर महापौर सुषमा खर्कवाल ने जानकारी दी कि नाले की मरम्मत एवं सुधार कार्य के लिए बजट स्वीकृत हो चुका है तथा शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्य में तेजी लाकर क्षेत्रवासियों को जल्द राहत प्रदान की जाए।जन चौपाल में सीवर व्यवस्था को लेकर भी लोगों ने नाराजगी व्यक्त की। नागरिकों ने बताया कि कई स्थानों पर सीवर लाइनें क्षतिग्रस्त हैं और नियमित सफाई न होने के कारण गंदगी एवं दुर्गंध की समस्या बनी रहती है। इससे लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। महापौर ने संबंधित अधिकारियों को सीवर नेटवर्क की विस्तृत जांच कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।क्षेत्र में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या और डॉग बाइट की घटनाओं को लेकर भी नागरिकों ने चिंता व्यक्त की। स्थानीय लोगों ने बताया कि बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों में भय का माहौल बना हुआ है तथा कई बार कुत्तों के हमले की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इस पर महापौर ने नगर निगम के संबंधित अधिकारियों को प्रभावी अभियान चलाकर समस्या के समाधान तथा नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जन चौपाल में महापौर ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं को सीधे सुनना और उनका स्थानीय स्तर पर त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जन चौपाल में प्राप्त सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए तथा प्रत्येक प्रकरण की नियमित समीक्षा की जाए।उन्होंने कहा कि नगर निगम लखनऊ शहर को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने, आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। जन चौपाल अभियान प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित कर समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहा है।कार्यक्रम में पार्षद कौशल शंकर पाण्डेय, राजेश सिंह ‘गब्बरÓ, संजय सिंह राठौर, मंडल अध्यक्ष अभिषेक राय, पूर्व पार्षद राम कुमार वर्मा, अवधेश मिश्रा, अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव, मुख्य लेखा अधिकारी महामिलिंद लाल, महाप्रबंधक जलकल कुलदीप सिंह, जोनल अधिकारी शिल्पा कुमारी, जोनल सेनेटरी अधिकारी पंकज शुक्ला सहित नगर निगम के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

