लखनऊ, 17 जून (आरएनएस )। उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने बुधवार को राजधानी लखनऊ में विभिन्न विकास परियोजनाओं तथा जलनिकासी से संबंधित कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा शहरों को स्वच्छ, सुरक्षित और जलभराव मुक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।निरीक्षण की शुरुआत अयोध्या रोड एवं कुकरैल नदी के किनारे अतिक्रमण मुक्त कराई गई भूमि पर उपवन योजना के अंतर्गत विकसित किए जा रहे ‘शक्तिवनÓ परियोजना से हुई। मंत्री ने परियोजना की प्रगति का जायजा लिया और कार्यों पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मानसून प्रारंभ होने से पहले यहां व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जाए, जिससे क्षेत्र का हरित आवरण बढ़े और पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिले। उन्होंने कहा कि शक्तिवन परियोजना शहरी विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन स्थापित करने की एक महत्वपूर्ण पहल है।इसके बाद मंत्री ए.के. शर्मा ने मैथिलीशरण गुप्त वार्ड क्षेत्र में गाजीपुर थाने के निकट स्थित मुख्य जलनिकासी नाले का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नाले की सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अयोध्या रोड से मिलान बिंदु पर नाले की आवश्यक कवरिंग कराई जाए तथा समय-समय पर सफाई कार्य जारी रखा जाए, ताकि बरसात के दौरान जल प्रवाह बाधित न हो और आसपास के क्षेत्रों में जलभराव की समस्या उत्पन्न न होने पाए।नगर विकास मंत्री ने इंदिरा नगर के सेक्टर-डी क्षेत्र में नव निर्मित नाले का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि इस नाले के निर्माण से क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही जलभराव की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी। मंत्री ने कलेवा तिराहे पर स्थित मुख्य मिलान बिंदु की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि पूरी जलनिकासी व्यवस्था प्रभावी और सुचारु बनी रहे।निरीक्षण के दौरान मंत्री ने मुंशीपुलिया के पास निर्माणाधीन नाले का भी जायजा लिया। उन्होंने कार्यदायी संस्था और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि वर्षा ऋतु के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए इस परियोजना को हर हाल में मानसून से पहले पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।ए.के. शर्मा ने कहा कि विकास परियोजनाओं की नियमित समीक्षा और स्थलीय निरीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि योजनाओं का लाभ समय पर आम जनता तक पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि शहरी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शहरों के समग्र विकास के लिए सड़क, जलनिकासी, हरित क्षेत्र विस्तार, स्वच्छता और अन्य नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में निरंतर निवेश कर रही है। इसके परिणामस्वरूप प्रदेश के शहरों में आधारभूत ढांचे को मजबूती मिल रही है और नागरिकों को बेहतर जीवन स्तर उपलब्ध हो रहा है।निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मंत्री को विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति से अवगत कराया तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने का आश्वासन दिया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

