मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया
प्रयागराज 23 नवंबर (आरएनएस)। ठंड ने धीरे धीरे रफ्तार पकड़ ली है। शहर में तापमान लगातार गिर रहा है और देर रात कई इलाकों में घना कोहरा फैलने लगा है। मौसम विभाग के मुताबिक 21 नवंबर के बाद से ठंड में अचानक बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिसका असर शहर के मौसम में साफ दिखाई दे रहा है।
दिन में हल्की धूप निकलती है, लेकिन शाम होते ही गलन तेज हो जाती है। वातावरण में मौजूद नमी के कारण सूर्यास्त के तुरंत बाद आसमान पर धुंध की पतली परत दिखने लगती है। देर रात यही धुंध घने कोहरे का रूप ले रही है। हालांकि अभी दृश्यता पर इसका भारी असर नहीं पड़ा है, लेकिन आने वाले दिनों में कोहरे के और घना होने की पूरी संभावना जताई जा रही है।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक उत्तर-पश्चिमी हवाएँ इन दिनों सक्रिय हैं, जिससे तापमान तेजी से नीचे जा रहा है। ठंडी हवाओं का असर रात के समय अधिक दिखाई दे रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि हवाओं की गति इसी तरह बनी रही तो अगले 3-4 दिनों में सुबह और शाम दोनों समय कोहरा बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने नागरिकों को अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि ठण्ड लगातार बढऩे के आसार हैं। सुबह-शाम बाहर निकलते समय विशेष सावधानी बरतें। वाहन चालकों को रात में रफ्तार कम रखने और हेडलाइट्स सही तरीके से उपयोग करने की सलाह दी गई है, क्योंकि कोहरे की वजह से सड़क दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ सकती है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

