-106 नेत्र रोगियों के किए गए मोतियाबिन्द आपरेशन
अयोध्या 23 नवंबर (आरएनएस)। महामण्डलेश्वर हरिचरण दास महाराज के आशीर्वाद से महन्त नृत्यगोपाल दास, कमल नयन दास तथा महन्त जयराम दास गोण्डा की सद्प्रेरणा से श्री सद्गुरू मित्र मण्डल चैरिटेबल ट्रस्ट, मुम्बई के आर्थिक सहयोग से मणिराम दास छावनी सेवा ट्रस्ट अयोध्या एवं कल्याणम् करोति लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित त्रिदिवसीय नेत्र चिकित्सा सेवा शिविर में 249 नेत्र रोगियों का पंजीकरण किया गया जिसमें 106 नेत्र रोगियों के मोतियाबिन्द आपरेशन किए गए जबकि 143 नेत्र रोगियों को रिफ्रेक्शन एवं अन्य नेत्र उपचार से लाभान्वित किया गया। इनमें 57 महिला व 49 पुरुष नेत्र रोगी शामिल हैं।
उक्त जानकारी देते हुए श्री दीनबंधु नेत्र चिकित्सालय परिक्रमा मार्ग वासुदेव घाट अयोध्याधाम के प्रबंधक डी0एन0 मिश्रा ने समापन समारोह में नेत्र चिकित्सालय की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि इस नेत्र चिकित्सालय के स्थापना काल से लेकर अब तक कुल 979108 नेत्र रोगियों का पंजीकरण किया गया। इनमें से कुल 244335 आपरेशन किये गये। जिनमें 241714 मरीजों के मोतियाबिन्द आपरेशन तथा 2621 लोगों के अन्य आपरेशन हुए।जबकि रिफ्रेक्शन एवं उपचार विधि से 731773 से नेत्र रोगियों को लाभान्वित किया गया है । पूरे कार्यकाल में चिकित्सालय द्वारा 157033आपरेशन पूर्णत: नि:शुल्क हुए हैं शेष 85988 आपरेशन आंशिक सहयोग लेकर तथा 1314 आपरेशन आयुष्मान योजना के अन्तर्गत सम्पन्न हुए हैं। रविवार को चिकित्सालय द्वारा त्रिदिवसीय नेत्र चिकित्सा शिविर का समापन समारोह आयोजित किया गया जिसका शुभारम्भ भगवान श्रीराम व महामंडलेश्वर हरिचरण दास के चित्रों पर संत-महंतों द्वारा माल्यार्पण करके किया गया। इस समापन समारोह का संचालन कल्याण करोति संस्था लखनऊ के संजय शुक्ला द्वारा किया गया। समारोह की अध्यक्षता मणिराम दास छावनी के पूज्य सन्त ने की। समारोह को महंत छवि राम दास, रसिक पीठाधीश्वर जन्मेजय शरण,रामायणी रामशरण दास महाराज सहित अन्य लोगों ने संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने नेत्र रोगियों को उपचार व ऑपरेशन करके ज्योति प्रदान करना सबसे अधिक पुण्य का कार्य बताया। उन्होंने मरीजों से कि आप सभी अपने-अपने क्षेत्र में जाकर नेत्र रोगियों को प्रेरित करके श्री दीनबंधु नेत्र चिकित्सालय भेजें ताकि यहां आकर वे नि:शुल्क अपने नेत्रों का ऑपरेशन व इलाज करा सकते हैं,यही सबसे बड़ी सेवा है। कल्याणम् करोति लखनऊ के संयुक्त सचिव डॉ. राजेश तिवारी ने समापन समारोह में आए हुए अतिथियों का माल्यार्पण व शाल ओढ़ा कर स्वागत किया जबकि संस्था के सबसे वरिष्ठतम् सदस्य उमादत्त मिश्र ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह में सद्गुरु मित्र मण्डल चैरिटेबल ट्रस्ट मुंबई के मन्नू भाई व रमेश भाई सहित अन्य लोगों ने मरीजों को कम्बल वितरित किए तथा चिकित्सालय की ओर से भोजन, दवाइयां,चश्मे देकर मरीजों को बिदा किया गया। इस कार्यक्रम में कल्याणम् करोति संस्था के मलिक, विनोद वैद्य एवं फैजाबाद के प्रमुख समाजसेवी भगीरथ पचेरीवाला , भाजपा के मण्डल अध्यक्ष मुकेश तिवारी,चिकित्सालय के सह प्रबन्धक हनुमान प्रसाद मिश्र, पत्रकार एस एन बागी, लक्ष्मण तिवारी,अनुराग मिश्र सहित सभी चिकित्सक, कर्मचारी व मरीजों के परिजन मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

