:-चकरौत बाजार में सड़क पार करते समय हादसा।
करनैलगंज (गोण्डा) 23 नवंबर। करनैलगंज–परसपुर मार्ग पर शनिवार की देर शाम चकरौत बाजार में सड़क पार करते वक्त एक व्यक्ति की अज्ञात ट्रेलर की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा शाम करीब 7 बजे हुआ, जब परसपुर की ओर से आ रहा तेज रफ्तार ट्रेलर अचानक सामने आए व्यक्ति को रौंदता हुआ निकल गया।
मृतक की पहचान डिप्टी उर्फ राजेश कुमार कश्यप (53) पुत्र शितल कश्यप, निवासी जयलालपुरवा हीरापुर शाहपुर, थाना करनैलगंज के रूप में हुई है। ट्रेलर की टक्कर इतनी भीषण थी कि राजेश कुमार का शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत होकर सड़क पर बिखर गया। मौके पर मौजूद लोग हादसे को देखकर दहल उठे। सूचना पर तुरंत कोतवाली करनैलगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल तेज प्रताप सिंह ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हादसा करने वाले ट्रेलर की पहचान की जा सके। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक पर कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर भारी वाहन तेज रफ्तार से गुजरते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

