रामपुर 23 नवंबर (आरएनएस ):सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर रामपुर में आयोजित भव्य कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बतौर मुख्य अतिथि शामिल होकर एकता, अखंडता और राष्ट्रनिर्माण के संकल्प को दोहराया। रामपुर शहर स्थित आंबेडकर पार्क में आयोजित एकता यात्रा कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके योगदान को नमन किया।
उन्होंने कहा कि लौह पुरुष सरदार पटेल का जीवन देश की एकता व अखंडता का प्रतीक है। सरदार पटेल ने 563 रियासतों को जोड़कर भारत को एक सूत्र में पिरोया, जिसे सदैव याद रखा जाएगा। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्रनिर्माण में सक्रिय भूमिका निभाकर पटेल के आदर्शों को आगे बढ़ाएं।
उपमुख्यमंत्री ने वंदेमातरम् गीत के 150 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए इसे स्वतंत्रता आंदोलन में देश को एकजुट करने वाला गीत बताया। उन्होंने अमर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि देश आज अपनी सीमाओं की सुरक्षा के लिए सक्षम है और किसी भी चुनौती का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है। उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में हुए बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि स्टैच्यू ऑफ यूनिटी ने सरदार पटेल की स्मृतियों को विश्व पटल पर चिरस्थायी बना दिया है।उन्होंने बताया कि भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए तेजी से कार्य हो रहे हैं। जनधन योजना, किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं ने आमजन को सीधे लाभ पहुंचाया है। महिला सशक्तिकरण पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि बाबा साहब आंबेडकर सदैव महिलाओं के अधिकारों के पक्षधर रहे और आज सरकार भी महिलाओं को मजबूत व सम्मानजनक स्थान प्रदान करने के लिए कार्य कर रही है।कार्यक्रम के बाद उपमुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र, मुख्य विकास अधिकारी गुलाब चंद्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।उपमुख्यमंत्री ने निर्देश देते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए सभी विभाग प्रभावी रूप से अनुपालन सुनिश्चित करें।उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले के हर विकास खंड में प्रत्येक माह दो ग्राम पंचायतों में अनिवार्य रूप से ग्राम चौपाल आयोजित हों, ताकि स्थानीय समस्याओं का समाधान समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से हो सके और नए पात्र लाभार्थियों का चयन भी किया जा सके।कानून-व्यवस्था पर उन्होंने जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने को कहा और चेतावनी दी कि शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाए।विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि सभी परियोजनाओं को समय सीमा के अंदर और बेहतर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।कार्यक्रम में कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसौदिया, विधायक आकाश सक्सेना, विधायक राजबाला सिंह, एमएलसी जयपाल सिंह व्यस्त, हरि सिंह ढिल्लो, कुंवर महाराज सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष ख्याली राम लोधी, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष सूर्य प्रकाश पाल, राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता सैनी, चेयरमैन डीसीबी रामपुर मोहन लाल सैनी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

