मेरठ 24 नवंबर (आरएनएस)। मेरठ के चर्चित सौरभ हत्याकांड की आरोपी मुस्कान को सोमवार सुबह प्रसव पीड़ा महसूस होने पर मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने बताया कि उसकी स्थिति सामान्य है, लेकिन किसी भी समय डिलीवरी हो सकती है। अस्पताल प्रशासन उसे लगातार मॉनिटर कर रहा है।
मामला संवेदनशील है, इसलिए पुलिस ने अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और मुस्कान की मेडिकल रिपोर्ट भी समय-समय पर ली जा रही है। शाम तक डिलीवरी होने की संभावना जताई गई है। चर्चित सौरभ हत्याकांड में 21 नवंबर को कैब चालक अजब सिंह की कोर्ट में जिरह हुई थी। इससे पहले उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आरोपियों मुस्कान और साहिल की पहचान की थी। पुलिस लगातार अहम गवाहों को कोर्ट में पेश कर केस को मजबूत कर रही है।
घटना तीन मार्च की है, जब मुस्कान ने अपने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर पति सौरभ की हत्या कर दी थी। आरोप है कि दोनों ने मिलकर सौरभ के शव के टुकड़े कर उन्हें नीले ड्रम में डालकर सीमेंट का घोल डाल दिया था। इसके बाद साहिल सौरभ का सिर अपने घर ले गया था। हत्या के बाद दोनों शिमला घूमने चले गए और 17 मार्च को लौटे थे। 18 मार्च को मुस्कान ने अपनी मां को मामले की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और दोनों को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी इस समय जेल में बंद हैं और उनकी जमानत याचिकाएं पहले ही खारिज हो चुकी हैं।
इस केस में जिला जज संजीव पांडे के न्यायालय में ट्रायल जारी है। कुल 36 गवाहों में से कई अहम गवाहों-मृतक के भाई बबलू, रिपोर्ट दर्ज कराने वाले हेडमोहर्रिर बृजेश कुमार, सौरभ की मां रेणू, उसके दोस्त, चाकू-छुरी विक्रेता, नीला ड्रम बेचने वाला दुकानदार, ड्रम काटने वाला मजदूर, पोस्टमार्टम टीम सहित कई लोगों के बयान दर्ज हो चुके हैं। अब कैब चालक की गवाही भी रिकॉर्ड हो गई है।
लंदन के एक मॉल में काम करने वाला सौरभ राजपूत पूर्व में नेवी मर्चेंट में कार्यरत था। वह 24 फरवरी 2025 को मेरठ आया था। उसने 25 फरवरी को बेटी पीहू और 27 फरवरी को पत्नी मुस्कान का जन्मदिन मनाया था। तीन मार्च की रात उसकी पत्नी मुस्कान रस्तोगी ने प्रेमी साहिल शुक्ला के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी थी। बाद में दोनों ने शव के टुकड़े कर उन्हें प्लास्टिक के नीले ड्रम में सीमेंट से भरकर छिपाया था। 18 मार्च को हत्याकांड का खुलासा हुआ था।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

