मेरठ 24 नवंबर (आरएनएस)। जनपद के फलावदा थाना क्षेत्र में सपा विधायक के रिश्तेदारों द्वारा खेत में काम कर रहे युवकों पर जमकर कहर बरपाया गया। जिसमें दो भाइयों सहित तीन लोग घायल हो गए। पीडि़तों का आरोप है कि सपा विधायक के दबाव में पुलिस ने आरोपियों पर मुकदमा दर्ज नहीं किया। उल्टा पीडि़तों से सवाल किया गया कि कोई कत्ल थोड़े ही हुआ है? पीडि़तों ने कप्तान ऑफिस में मामले की शिकायत की है।
फलावदा थाना क्षेत्र के गड़ीना गांव का रहने वाला अमरीश अपने भाई हरीश के साथ एसएसपी ऑफिस पहुंचा। अमरीश ने बताया कि चकबंदी के दौरान उसकी कुछ जमीन दूसरे ग्रामीणों के पास चली गई थी। जबकि क्षेत्रीय सपा विधायक अतुल प्रधान के रिश्तेदारों की कुछ जमीन अमरीश के हिस्से में आ गई थी।
आरोप है कि इसके बाद से ही सपा विधायक के रिश्तेदार अमरीश से रंजिश रखते हैं। अमरीश ने बताया कि रविवार को वह अपने भाई हरीश और पड़ोसी अजय के साथ खेत में पानी देने गया था। आरोप है कि इसी दौरान सपा विधायक के आधा दर्जन रिश्तेदारों ने लाठी-डंडे और धारदार हथियारों से तीनों युवकों की जमकर पिटाई की। वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
सपा विधायक के दबाव में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। उल्टा पीडि़तों से सवाल किया कि कोई कत्ल थोड़े ही हुआ है, जो आरोपियों पर जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज करा जाए? पीडि़तों ने कप्तान ऑफिस में शिकायत करते हुए कार्यवाही की मांग की। जिस पर अधिकारियों ने कार्यवाही के आदेश दिए हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

