सुल्तानपुर। रेलवे सुरक्षा के तहत चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान अभियान में जीआरपी सुल्तानपुर ने सराहनीय कार्य करते हुए एक नाबालिग बच्चे को उसके परिवार से मिलवा दिया।रविवार शाम जीआरपी कंट्रोल रूम लखनऊ से सूचना मिली कि समस्तीपुर बिहार निवासी 11 वर्षीय दिलखुश कुमार चारबाग रेलवे स्टेशन पर परिवार से बिछड़कर गलती से ट्रेन संख्या 14524 हरिहर एक्सप्रेस में सवार हो गया है।सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक रेलवे प्रथम अमित कुमार सिंह के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष जीआरपी सुल्तानपुर भोला शंकर के नेतृत्व में जीआरपी टीम हरकत में आ गई। ट्रेन के सुल्तानपुर स्टेशन पहुंचने पर पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित उतारकर थाने पर लाया।बच्चे ने अपना परिचय देते हुए बताया कि वह परिवार से अलग होकर गलती से ट्रेन में चढ़ गया था। जीआरपी ने तत्काल उसकी माताजी से संपर्क कर उन्हें थाने बुलाया।विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्चे को उसकी मां की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया।बच्चे को पाकर मां भावुक हो उठी और जीआरपी टीम के इस मानवीय प्रयास की सराहना की।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

