त्रिवेणी तट पर नव निर्मित राम मंदिरों में होगा ध्वजारोहण समारोह का आयोजन
हजारों की संख्या साधु संत और श्रद्धालुओं की उपस्थिति में 25 नवंबर को आयोजित होगा भव्य ध्वजारोहण समारोह
प्रयागराज 24 नवंबर (आरएनएस)। भगवान श्री राम की नगरी अयोध्या में आध्यात्मिक- सांस्कृतिक वैभव का संगम हो रहा है। इधर कुंभ नगरी प्रयागराज भी प्रभु श्री राम की भक्ति और आस्था में डूबी है । अयोध्या में श्रीराम मंदिर ध्वजारोहण समारोह का आयोजन हो रहा तो वहीं प्रयागराज में 25 नवंबर को संगम नगरी को राम मय करने की तैयारी है। संगम के घाटों से लेकर मंदिरों तक तक इस आयोजन का रंग चढ़ा है। लोग अपने घरों में भी इस पावन बेला पर राम पताका लगाने की तैयारी कर रहे हैं।
प्रभु श्री राम की नगरी अयोध्या में राम मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण समारोह के कार्यक्रम के भव्य और दिव्य आयोजन से राम नगरी ही नहीं कुंभ नगरी प्रयागराज को राम मय होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से संगम के तट और मंदिर इसके साक्षी होंगे। 25 नवंबर को अयोध्या के श्री राम मंदिर में जिस समय आयोजन होगा उसी समय संगम किनारे अरैल स्थित परमार्थ त्रिवेणी परिसर में भी इसे लेकर साधु संतों की तरफ से विशिष्ट आयोजन किया जा रहा है। परमार्थ त्रिवेणी पुष्प के प्रबंधक परेश दवे बताते हैं कि परिसर में स्थित नव निर्मित श्री राम दरबार मंदिर में 25 नवंबर 2025 को श्री राम मंदिर धर्म ध्वजा आरोहण का भव्य एवं पुनीत कार्यक्रम आयोजित होगा।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे श्री गणेश स्थापना के बाद नवगृह पूजा से होगा। इसके बाद मंदिर के उत्तर पूर्व स्थित स्तंभों का विशेष पूजन किया जाएगा। अभिजित मुहूर्त में प्रवेश करते ही साधु संतों की उपस्थिति में श्री राम दरबार मंदिर के लिए तैयार की गई धर्म ध्वजा का ध्वज पूजन समारोह शुरू हो जाएगा। ध्वज पूजन के उपरांत शिखर में ध्वजारोहण किया जाएगा। समारोह की अगली कड़ी में मंदिर परिसर में यज्ञादि का आयोजन होगा। सम्पूर्ण आयोजन में अयोध्या में आयोजित ध्वजारोहण समारोह का सीधा प्रसारण भी यहां लगाई गई एल ई डी स्क्रीन के चलता रहेगा।
बाक्स
त्रिवेणी के घाटों पर होगी श्री राम की भव्य आरती, छतों के मुंडेर कर लहराएगी राम पताका==
प्रयागराज। गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती का तट भी इस भव्य समारोह की भक्ति से सराबोर होगा। त्रिवेणी के घाटों में इस अवसर पर विशेष श्री राम की आरती आयोजित की गई है। मठ और मंदिरों में इस अवसर पर संध्या के समय विशेष श्री राम आरती का आयोजन होगा। परमार्थ त्रिवेणी पुष्प के निकट स्थित घाट पर गंगा आरती का आयोजन होगा। इसके उपरांत यज्ञ ध्वज सांकेतिक लाइट शो का आयोजन किया जाएगा। मठ, मंदिरों के अलावा साधु संतों ने राम भक्तों से आग्रह किया है अयोध्या में आयोजित इस समारोह के दिवस में ही पुण्य मुहूर्त में अपने अपने घरों की छत पर भी राम पताका फहराएं। श्री पंचायती अखाड़ा महा निर्वाणी के सचिव महंत जमुना पुरी जी का कहना है कि यह पुण्य अवसर अनंत ऊर्जा और विश्व कल्याण की भावना से ओतप्रोत है। इसलिए सभी सनातनियों को इस अवसर पर प्रभु श्री राम और माता सीता के नाम का स्मरण करना चाहिए।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

