कर्नलगंज (गोण्डा) 24 नवंबर। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत मनिहारी के शिवलाल पुरवा में रविवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई जब एक गोदभराई कार्यक्रम के दौरान पुरानी रंजिश और राजनीतिक वर्चस्व को लेकर दो पक्षों में भयंकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष के लोग लाइसेंसी बंदूक और अवैध देशी तमंचा लहराते हुए छत पर चढ़ गए। मौके का वीडियो किसी ने बना लिया जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पीडि़त पक्ष के शिवकुमार मिश्र ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उनके पौत्र अंकित मिश्रा का गोदभराई कार्यक्रम चल रहा था। कुछ रिश्तेदार सामुदायिक शौचालय की ओर गए थे, तभी गांव के ही मनीष उर्फ आनंद, आशीष उर्फ आलोक, अनीश उर्फ सर्वेश पुत्रगण मुन्नालाल व मुन्नालाल, वीरेंद्र उर्फ लल्लन और सुधीर उर्फ अन्नू लाठी-डंडे, लाइसेंसी बंदूक व देशी तमंचा लेकर उनके दरवाजे पर पहुंच गए। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मारपीट की। शोर सुनकर परिवार के लोग इक_ा हुए तो आरोपी असलहे लहराते हुए वहां से चले गये। ग्रामीणों का कहना है कि मुन्नालाल और वीरेंद्र उर्फ लल्लन के पास लाइसेंसी बंदूकें हैं और वे अक्सर इनका दुरुपयोग कर लोगों को डराते-धमकाते हैं। दोनों पक्ष पट्टीदार हैं और पुरानी राजनीतिक रंजिश चल रही है। मामले में कोतवाल तेज प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की पुरानी रंजिश है। तहरीर के आधार पर जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

