रुपईडीह (गोण्डा) 24 नवंबर। नव जागरण अभियान के तहत पाँचवाँ जागरूकता कार्यक्रम को श्री उद्यालक मुनि इंटर कॉलेज, रुपईडीह में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों को साइबर क्राइम, यातायात सुरक्षा, मोबाइल सदुपयोग, बाल श्रम उन्मूलन, जल संरक्षण तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर सरल एवं प्रभावी जानकारी देकर जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो. शैलेंद्र नाथ मिश्रा, विभागाध्यक्ष हिंदी, लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव तथा मोबाइल के सुरक्षित उपयोग के संबंध में विस्तृत जानकारी दी और डिजिटल साक्षरता को समय की आवश्यकता बताया।
क्षेत्रीय वन अधिकारी ने पर्यावरण संरक्षण पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पेड़ों की अनियंत्रित कटाई से भविष्य में ऑक्सीजन की कमी व अन्य गंभीर समस्याएँ उत्पन्न होंगी। उन्होंने पौधारोपण एवं पर्यावरण संवर्धन में विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता की अपील की।
वरिष्ठ पत्रकार हरि नारायण शुक्ल ने गलत सूचनाओं के वायरल होने के दुष्परिणामों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मोबाइल के माध्यम से फैल रही अफवाहें समाज में भ्रम फैलाने के साथ सूचना तंत्र की विश्वसनीयता को भी प्रभावित कर रही हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को सत्य-परीक्षण की प्रवृत्ति विकसित करनी चाहिए।
कार्यक्रम के मुख्य संचालक हाईकोर्ट अधिवक्ता गणेश नाथ मिश्रा ने मतदाता पुनरीक्षण के संबंध में जानकारी प्रदान की। साथ ही उन्होंने संविधान में निहित अनुच्छेद 51(क) के मूल कर्तव्यों को विस्तारपूर्वक समझाते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्रीय दायित्वों के प्रति सजग होने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी वक्ताओं ने विद्यार्थियों से समाज और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। विद्यालय प्रबन्धक करम चन्द सिंह के साथ विद्यालय का पूरा स्टाप मौजूद रहा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

