लखनऊ ( आरएनएस )। 24 नवंबर 2025विश्व धरोहर सप्ताह 2025 के अंतर्गत क्षेत्रीय पुरातत्त्व इकाई प्रयागराज द्वारा सोमवार को जय प्रकाश नारायण सर्वोदय बालिका विद्यालय, कौड़ीहार में धरोहर आधारित सप्ताहव्यापी छायाचित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों को उत्तर प्रदेश की ऐतिहासिक धरोहरों, पुरातात्त्विक स्थलों और सांस्कृतिक विरासत से अवगत कराया गया।कार्यक्रम के तहत राज्य संरक्षित स्मारक रानी का तालाब, फूलपुर, प्रयागराज में स्मारक भ्रमण भी कराया गया, जहां छात्रों को स्मारक के ऐतिहासिक महत्व, स्थापत्य शैली और संरक्षण के उपायों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों में विरासत के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।इन सभी कार्यक्रमों में लगभग 200 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विश्व धरोहर सप्ताह के अवसर पर किए गए इन प्रयासों का उद्देश्य युवा पीढ़ी को ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और महत्त्व के प्रति जागरूक बनाना रहा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

