लखनऊ ( आरएनएस ): 24 नवम्बर, 2025उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सोमवार को लखनऊ कैम्प कार्यालय में आयोजित जनता दर्शन में विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उन्हें त्वरित व प्रभावी समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक समस्या का संतुष्टिपरक और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, साथ ही संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए।उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भूमि विवाद, उत्पीडऩ और अवैध कब्जों से जुड़े मामलों को अत्यधिक गंभीरता से निपटाया जाए और जहां आवश्यकता हो, कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और जरूरत पडऩे पर अधिकारी मौके पर जाकर निरीक्षण करें।जनता दर्शन में पुरुष, महिलाएं, बुजुर्ग और युवा बड़ी संख्या में पहुंचे थे। अधिकतर शिकायतें भूमि व राजस्व विवाद, चिकित्सा सहायता, पेंशन, आवास, सड़क, बिजली-पानी, शिक्षा, रोजगार और पुलिस कार्रवाई से जुड़े मुद्दों की थीं। उप मुख्यमंत्री ने सभी प्रकरणों को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर तत्काल दिशा-निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि जनता दर्शन आमजन से सीधे संवाद का माध्यम है, जिससे जमीनी स्तर की वास्तविक स्थिति सामने आती है। जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है और कोई भी पीडि़त निराश न लौटे—इसी भावना के साथ कार्य किया जा रहा है।केशव प्रसाद मौर्य ने स्पष्ट किया कि जरूरतमंदों तथा पात्र लोगों को सरकारी सुविधाओं का पूरा लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी आदेश दिया कि निस्तारण ऐसा हो जिससे किसी फरियादी को दुबारा चक्कर न काटना पड़े। महिलाओं, दिव्यांगजनों और बुजुर्गों की समस्याओं को भी प्राथमिकता के साथ सुना गया और त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए।लगभग दो दर्जन से अधिक जिलों से पहुंचे लोगों की शिकायतें सुनी गईं। भूमि विवाद से संबंधित अधिकांश मामलों में उप मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व व पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बनाकर मौके पर भेजा जाए और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

