बिलासपुर, 25 नवंबर (आरएनएस)। न्यायधानी के गोलबाजार क्षेत्र में सोमवार को अतिक्रमण हटाने पहुंची ट्रैफिक पुलिस की टीम और स्थानीय व्यापारियों के बीच जमकर विवाद हो गया। कार्रवाई का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एडिशनल एसपी ट्रैफिक रामगोपाल करियारे और व्यापारियों के बीच तीखी नोकझोंक देखी जा सकती है।
सूत्रों के अनुसार, एएसपी करियारे अपनी टीम के साथ गोलबाजार और सदर बाजार में यातायात सुधार अभियान चला रहे थे। इस दौरान सड़क किनारे गलत ढंग से पार्क की गई गाडिय़ों को जब्त करने की कार्रवाई शुरू की गई। इसी बात पर एक व्यापारी ने आपत्ति जताई और एएसपी से बहस करते हुए तंज भरे लहज़े में कहा— सर, आपकी पढ़ाई को दाद देता हूं। इस टिप्पणी के बाद स्थिति गरमा गई।
विवाद की जड़ सफेद पट्टी वाली पार्किंग को लेकर थी। व्यापारियों का कहना था कि वे तयशुदा निशान के भीतर ही वाहन खड़े कर रहे थे, जबकि पुलिस का तर्क था कि बाजार में सुचारू यातायात व्यवस्था के लिए सड़क खाली रखना आवश्यक है।
एएसपी करियारे ने मौके पर स्पष्ट कहा कि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं और सड़क सार्वजनिक संपत्ति है, जिस पर अवैध कब्जा या मनमानी पार्किंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
००००

