० वित्त मंत्री ने जिले के 100 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को 5,000 रुपये देने की घोषणा की
० सुपर-30 के संस्थापक पद्मश्री आनंद कुमार ने युवाओं को दी सफलता की प्रेरणा
रायपुर, 25 नवंबर (आरएनएस)। रायगढ़ के रामलीला मैदान में सोमवार को युवाओं के सुनियोजित करियर निर्माण और उज्ज्वल भविष्य के उद्देश्य से भव्य करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओपी चौधरी की विशेष पहल पर आयोजित हुआ। कार्यक्रम में सुपर-30 के संस्थापक एवं देश के ख्यातिप्राप्त गणितज्ञ पद्मश्री आनंद कुमार ने हजारों छात्रों को संघर्ष, लक्ष्य और कड़ी मेहनत के संदेश से प्रेरित किया।
करियर निर्माण में स्पष्ट लक्ष्य, सही दिशा और मेहनत जरूरी : वित्त मंत्री
वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि करियर निर्माण के लिए स्पष्ट लक्ष्य, सही मार्गदर्शन और निरंतर मेहनत सबसे महत्वपूर्ण हैं। जीवन की कठिनाइयाँ अक्सर बड़ी सफलताओं का आधार बनती हैं। उन्होंने युवाओं को करियर संबंधी पुस्तकें पढऩे, प्रतियोगी परीक्षाओं की जानकारी रखने और योजनाबद्ध तरीके से आगे बढऩे की सलाह दी।
उन्होंने घोषणा की कि जिले के 100 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को स्वैच्छिक सहायता के रूप में *5,000 रुपये* प्रदान किए जाएंगे। इस घोषणा का उपस्थित विद्यार्थियों ने तालियों की गडग़ड़ाहट से स्वागत किया।
कठिनाइयों में ही आत्मविश्वास से सफलता मिलती है : आनंद कुमार
कार्यक्रम में पद्मश्री आनंद कुमार ने कहा कि रायगढ़ आकर उन्हें विशेष ऊर्जा मिली है और यहां के युवाओं से वे भी प्रेरणा लेकर जा रहे हैं। उन्होंने छात्रों से ईमानदार प्रयास, आत्मविश्वास और धैर्य बनाए रखने की अपील की।
अपने संघर्ष की कहानी साझा करते हुए उन्होंने बताया कि पिता के निधन के बाद वे पापड़ बेचने तक पहुंचे थे। आर्थिक तंगी के कारण कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी नहीं जा सके, लेकिन उन्हीं संघर्षों ने उन्हें मजबूत बनाया और सुपर-30 की शुरुआत हुई।
उन्होंने अभिषेक राज, शशि नारायण और निधि झा जैसे छात्रों की प्रेरणादायक कहानियाँ भी साझा कीं, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों के बावजूद सफलता की बुलंदियों को छुआ।
संघर्ष जितना कठिन, सफलता उतनी चमकदार
आनंद कुमार ने कहा कि सरकारी स्कूलों में पढऩे वाले या सीमित संसाधनों वाले छात्र खुद को कमजोर न समझें। संघर्ष को अपनाने वाले छात्रों से कोई मुकाबला नहीं कर सकता।
उन्होंने कहा— जो भी करो, उत्कृष्ट करो। बहाने मत बनाओ और मेहनत में कभी कमी मत आने दो। जितना कठिन संघर्ष, उतनी बड़ी सफलता।”
उन्होंने बताया कि सुपर-30 की 17 बैचों के 510 छात्रों की सफलता का मूल आधार मेहनत, संघर्ष और आत्मविश्वास ही रहा है।
हजारों युवाओं की मौजूदगी, चयनित अभ्यर्थियों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम में छात्रों ने मोबाइल फ्लैशलाइट जलाकर अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान पीएससी चयनित अभ्यर्थियों, गोल्ड मेडलिस्टों, उत्कृष्ट विद्यार्थियों और आईआईटी चयनित छात्र आर. बालाजी यादव का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान, अध्यक्ष दिग्रीलाल साहू, पूर्व विधायक, जनप्रतिनिधि, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, एसपी दिव्यांग पटेल सहित बड़ी संख्या में छात्र मौजूद थे।
पुसौर और सारिया में 25 नवंबर को होंगे भव्य कार्यक्रम
करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम का दूसरा चरण 25 नवंबर को सुबह 8:30 बजे पुसौर के इंद्रप्रस्थ स्टेडियम में आयोजित होगा, जिसमें पुसौर और खरगीया क्षेत्र के 40 स्कूलों और 3 कॉलेजों के विद्यार्थी शामिल होंगे।
उसी दिन दोपहर 3:30 बजे सारिया में भी विशाल करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम होगा। इन आयोजनों में विद्यार्थी पद्मश्री आनंद कुमार से सीधे संवाद कर लक्ष्य निर्धारण, समय प्रबंधन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और आत्मविश्वास को बढ़ाने संबंधी मार्गदर्शन प्राप्त करेंगे।
0000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

