(आरएनएस)अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर जल्द ही केसरिया ध्वज फहराया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विधि-विधान के साथ इस ध्वजारोहण कार्यक्रम में शामिल होंगे। मंदिर परिसर में यह ऐतिहासिक क्षण धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक माना जा रहा है।
मंदिर का मुख्य शिखर पारंपरिक उत्तर भारतीय नागर शैली की उत्कृष्टता को प्रदर्शित करता है, जिस पर केसरिया ध्वज लहराएगा। वहीं मंदिर के चारों ओर लगभग 800 मीटर क्षेत्र में विस्तृत परकोटा दक्षिण भारतीय वास्तुकला शैली में निर्मित है। दोनों शैलियों का यह समन्वय राममंदिर की वास्तुकला को अद्वितीय रूप प्रदान करता है और भारतीय स्थापत्य परंपराओं की विविधता को अभिव्यक्त करता है।
ध्वजारोहण की तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं और अयोध्या में श्रद्धालुओं व स्थानीय प्रशासन में उत्साह का माहौल है। यह कार्यक्रम एक बार फिर अयोध्या को आध्यात्मिक व सांस्कृतिक केंद्र के रूप में वैश्विक चर्चा का विषय बनाने जा रहा है।

