बांदा ,25 नवंबर(आरएनएस)। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पैलानी थाना क्षेत्र के धरिखेड़ा गांव में अवैध संबंधों के शक ने एक परिवार को उजाड़ कर रख दिया। यहां एक व्यक्ति ने कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर अपने ही चचेरे भाई की नृशंस हत्या कर दी। 11 नवंबर को हुई इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पत्नी की पिटाई के बाद भाई पर किया हमला ग्रामीणों और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, मृतक का अपने चचेरे भाई शिवनारायण उर्फ कलुवा के घर अक्सर आना-जाना था। वह अपनी भाभी (आरोपी की पत्नी) से बातचीत करता था, जो शिवनारायण को नागवार गुजरता था। धीरे-धीरे शिवनारायण के मन में यह शक गहरा गया कि उसकी पत्नी और चचेरे भाई के बीच अवैध संबंध हैं।
बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन आरोपी ने दोनों को एक साथ देख लिया था, जिसके बाद वह गुस्से से आगबबूला हो गया। उसने पहले अपनी पत्नी की जमकर पिटाई की और फिर कुल्हाड़ी उठाकर चचेरे भाई पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में घायल युवक को परिजन आनन-फानन में अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आलाकत्ल के साथ आरोपी गिरफ्तार वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शिवनारायण मौके से फरार हो गया था। मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया और आरोपी की तलाश में कई टीमें लगा दीं। पुलिस की मुस्तैदी के चलते आरोपी को जल्द ही दबोच लिया गया।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल की मीडिया सेल द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी (आलाकत्ल) भी बरामद कर ली है। पूछताछ में आरोपी ने अवैध संबंधों के शक में ही हत्या करने की बात कबूली है। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। गांव में अभी भी तनाव और मातम का माहौल बना हुआ है।
00
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

