०16693 किसानों के खातों में पहुँची 3.34 करोड़ रुपये से अधिक की सम्मान निधि, कृषि विज्ञान केंद्र में हुआ जीवंत प्रसारण
बीजापुर,20 जून (आरएनएस)। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 20 जून 2026 को 23वीं किस्त जारी की गई। इसके तहत बीजापुर जिले के 16,693 किसानों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से 3.34 करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की गई। पीएम-किसान योजना के अंतर्गत पात्र किसान परिवारों को प्रतिवर्ष 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता तीन समान किस्तों में प्रदान की जाती है।
इस अवसर पर कृषि विभाग एवं कृषि विज्ञान केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में कृषि विज्ञान केंद्र, बीजापुर में पीएम किसान उत्सव दिवस मनाया गया तथा जैविक कृषि कार्यशाला सह कृषक सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 400 किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और प्रधानमंत्री द्वारा किसान सम्मान निधि की राशि जारी करने के कार्यक्रम का जीवंत प्रसारण देखा।कार्यक्रम में बीआरसी समूह, एफपीओ, कृषि विज्ञान केंद्र, उद्यानिकी विभाग एवं पशुपालन विभाग द्वारा कृषि आधारित प्रदर्शनी लगाई गई। मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ लघु वनोपज समिति के अध्यक्ष रूपसाय सलाम ने कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने किसानों को सुगंधित धान बीज, ढैंचा बीज, स्प्रिंकलर पाइप सेट सहित विभिन्न कृषि आदान एवं उपकरणों का वितरण भी किया।अपने संबोधन में रूपसाय सलाम ने समन्वित कृषि, जैविक खेती तथा लघु वनोपज आधारित आजीविका को बढ़ावा देने पर बल देते हुए किसानों को आधुनिक एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियां अपनाने के लिए प्रेरित किया। वहीं कलेक्टर विश्वदीप ने किसानों को नारियल एवं ऑयल पाम की खेती अपनाने, समय पर खाद-बीज का उठाव करने तथा विभागीय योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया।उप संचालक कृषि प्रताप सिंह कुशरे ने कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए किसानों को योजनाओं से जुड़कर आय बढ़ाने का आह्वान किया। कार्यशाला के दौरान जिले के कृषकों ने जैविक खेती के प्रति विशेष रुचि दिखाई और इसे अपनाने की इच्छा व्यक्त की।कार्यक्रम में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, जैविक खेती एवं कृषि विविधीकरण के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ केंद्र एवं राज्य शासन की योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की गई। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य शंकरैया माड़वी जनपद पंचायत अध्यक्ष सोनू पोटाम उपाध्यक्ष दिनेश पुजारी सहित जनप्रतिनिधि गण उपस्थित थे।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

