पटना , 25 नवंबर (आरएनएस )। पहलेजा थाना (सारण) के खरीका गाँव में हुई शिक्षक की हत्या का मामला पुलिस ने महज 48 घंटे में सुलझा दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सारण के मार्गदर्शन में अपर पुलिस अधीक्षक, सोनपुर की अगुवाई में गठित विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने आसूचना संकलन कर सोनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम‑भरपुरा दियारा में छापेमारी की। इस कार्रवाई में दो आर्म्स सप्लायर को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान राजीव रंजन कुमार यादव (पिता‑स्व० सचिन्द्र प्रसाद यादव, भरपुरा दियारा, थाना‑सोनपुर, जिला‑सारण) और रितेश कुमार (पिता‑सिपाही राय, भरपुरा ब्रह्मस्थान, थाना‑सोनपुर, जिला‑सारण) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि पहलेजा थाना के शिक्षक हत्याकांड में प्रयुक्त हथियार उन्होंने ही अपराधियों को सौंपे थे। इसी आधार पर पुलिस ने स्कूटी में छुपाकर रखी गई बड़ी मात्रा में अवैध देशी पिस्टल, डबल मैग्जीन सहित पाँच पिस्टल, चार अर्द्धनिर्मित पिस्टल बैरल, तीन स्मार्ट फोन और एक स्कूटी बरामद की।एसआईटी के अनुसार, इस हथियार आपूर्ति नेटवर्क के पीछे अन्य कारोबारियों के संबंधों की भी जांच की जा रही है और उनके आपराधिक इतिहास का पता लगाया जा रहा है। घटना में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने इस सफल उद्भेदन में शामिल सभी अधिकारियों को पुरस्कृत करने की घोषणा की है। टीम में थानाध्यक्ष, सोनपुर/अभिलेजा थाना तथा अन्य कर्मी शामिल थे। सारण पुलिस ने कहा कि जनता की सुरक्षा के लिए वे हमेशा तत्पर हैं और इस प्रकार के अपराधों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

