प्रयागराज 25 Nov, (आरएनएस )। फाफामऊ गंगा पुल पर सोमवार की देर रात दर्दनाक सड़क दुर्घटना में दो युवकों की जान चली गई। बाइक से घर लौट रहे दोनों को अज्ञात वाहन ने इतनी तेज टक्कर मारी कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोनों साले-बहनोई थे और शादी से लौट रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार झूंसी थाना क्षेत्र की पुरानी बस्ती निवासी राहुल कुमार (24) और उनके बहनोई सनी कुमार, निवासी शादियाबाद थाना कर्नलगंज, सोमवार की रात फाफामऊ के कांशीराम कॉलोनी में हुए विवाह समारोह में शामिल होने गए थे। रात देर में दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही दोनों फाफामऊ गंगा पुल के करीब पहुंचे, एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरते ही मौके पर ही दम तोड़ बैठे।
घटना की सूचना मिलते ही दोनों के परिजन मौके पर पहुंचे। युवकों की मौत से दोनों घरों में कोहराम मचा हुआ है। रिश्तेदार और परिचित भी सदमे में हैं। फाफामऊ एसओ अश्विनी कुमार सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि टक्कर मारने वाले वाहन और चालक का पता लगाया जा सके अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

