रुद्रपुर,26 नवंबर (आरएनएस)। सरकारी कांटे पर धान की तुलाई न होने से नाराज किसानों ने मंगलवार को कड़ा विरोध जताते हुए धान के ढेर में आग लगाने की चेतावनी दी। किसानों का कहना है कि वह पिछले एक महीने से सरकारी क्रय केंद्र के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन तुलाई शुरू नहीं हो पा रही है। नई मंडी समिति स्थित आरएफसी के सरकारी कांटे पर किसानों का हजारों कुंतल धान लंबे समय से पड़ा है। किसानों के अनुसार, संबंधित विभाग के अधिकारी पोर्टल न खुलने का बहाना बनाकर तुलाई से बच रहे हैं। बुधवार को गुस्साए किसान कांटे पर इक_े हुए और हंगामा किया। पूर्व ब्लॉक प्रमुख बहादुर सिंह ने आरोप लगाया कि उनका धान एक महीने से कांटे पर पड़ा है और केंद्र प्रभारी कई दिनों से नदारद हैं। उन्होंने कहा कि उच्चाधिकारियों से संपर्क करने पर भी उन्हें सिर्फ आश्वासन और टालमटोल ही मिल रहा है। चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि यदि जल्द तुलाई शुरू नहीं हुई तो किसान अपने धान के ढेर में आग लगाने को मजबूर होंगे। किसान नेता संतोख सिंह ने भी सरकार पर किसानों की उपेक्षा और शोषण का आरोप लगाया। प्रदर्शन में अमरजीत सिंह, विष्णु राणा सहित कई किसान मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

