रायपुर, 26 नवंबर 2025 आरएनएस)
छत्तीसगढ़ ने बुनियादी ढांचा विकास में आज एक ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने राज्य की पहली राष्ट्रीय राजमार्ग सुरंग का सफल ब्रेकथ्रू पूरा कर लिया है। रायपुर-विशाखापट्टनम आर्थिक गलियारे (NH-130CD) का हिस्सा 2.79 किलोमीटर लंबी यह सुरंग प्रदेश, ओडिशा और आंध्र प्रदेश के बीच तेज, सुरक्षित और निर्बाध संपर्क को नई गति देगी।
30 सितंबर 2025 को सुरंग के लेफ्ट हैंड साइड का ब्रेकथ्रू पूरा हो चुका था, जबकि आज हुए ब्रेकथ्रू के साथ ट्विन ट्यूब टनल का निर्माण निर्णायक चरण में पहुँच गया है। यह आधुनिक मानकों के अनुरूप विकसित की जा रही है, जिससे यात्रियों को उच्च गुणवत्ता और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित होगा।

रायपुर से विशाखापट्टनम तक 464 किमी लंबे छह लेन एक्सप्रेसवे का अधिकांश काम भी लगभग पूरा हो चुका है। भारतमाला परियोजना के तहत बन रहा यह मार्ग रायपुर, धमतरी, कांकेर, कोंडागांव, कोरापुट और सब्बावरम के रास्ते विशाखापट्टनम बंदरगाह तक कनेक्टिविटी को और सुदृढ़ करेगा। एक्सप्रेसवे के पूरी तरह तैयार होने पर यात्रा समय में कमी आएगी, जिससे व्यापार, उद्योग और पर्यटन को सीधा लाभ मिलेगा और तीनों राज्यों के बीच इंटर-स्टेट कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।


















