लखनऊ 27 नवंबर (आरएनएस ) उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य सड़क निधि योजना के तहत लखनऊ मंडल के विभिन्न जनपदों में सड़कों के सुधार और निर्माण कार्यों को और गति देने के लिए 9 करोड़ 69 लाख 57 हजार रुपये की अवशेष धनराशि अवमुक्त कर दी है। यह धनराशि कुल 37 स्वीकृत एवं चालू मार्गों पर व्यय की जाएगी। लोक निर्माण विभाग ने इस संबंध में आवश्यक शासनादेश जारी कर दिया है।शासनादेश में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि संबंधित अधिकारी आवंटित धनराशि का उपयोग हर स्थिति में 31 मार्च 2026 तक सुनिश्चित करें। साथ ही, उपयोगिता प्रमाण पत्र 30 अप्रैल 2026 तक शासन को उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा।इसके अलावा, विभाग को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि सभी कार्यों की वित्तीय और भौतिक प्रगति का सक्षम स्तर पर सम्यक निरीक्षण तथा सत्यापन किया जाए। प्रगति रिपोर्ट हर माह शासन को प्रेषित करना अनिवार्य किया गया है, ताकि परियोजनाओं की निगरानी नियमित रूप से होती रहे और कार्य समय पर पूर्ण हो सकें।सरकार का दावा है कि यह धनराशि लखनऊ मंडल में सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने और जन-हित में निर्धारित परियोजनाओं को शीघ्रता से पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

