भोपाल,27 नवंबर (आरएनएस)।खानूगांव इलाके में बुधवार देर रात मामूली सड़क हादसे ने हिंसक रूप ले लिया। यहां कार सवार बदमाशों ने एक्टिवा से खड़े एक युवक को बीच सड़क पर रोककर तलवार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वारदात में पीडि़त युवक के बाएं हाथ की चार उंगलियां कटकर अलग हो गईं। पूरा घटना क्रम पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।
कोहेफिजा थाना पुलिस के मुताबिक, 21 वर्षीय हुजैफा अपनी एक्टिवा किनारे खड़ी किए खड़ा था। इसी दौरान एक कार ने उसकी एक्टिवा को हलकी टक्कर मार दी। उसने विरोध किया तो कार सवार 4 से 5 युवक तलवार लेकर बाहर आए और अचानक उस पर हमला बोल दिया। वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि हमलावर लगातार तलवार से वार करते हुए उसे लहूलुहान कर देते हैं, जिससे वह सड़क पर गिर जाता है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी की। पुलिस ने रफीक अली (टीला जमालपुरा) और इमरान उर्फ अरबाज (हरीजन अरब) को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से हमला करने में इस्तेमाल तलवार भी जब्त की गई है। तीन अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
घटना का वीडियो सामने आते ही इलाके में भय का माहौल बन गया है। स्थिति को कंट्रोल करने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। घायल युवक हुजैफा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत को स्थिर बताया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह पूरी तरह से आपराधिक घटना है। फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिया गया है, जिसे सबूत के रूप में उपयोग में लिया जाएगा।

