रायपुर,28 नवंबर (आरएनएस)। भाजपा प्रदेश प्रभारी और बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन शुक्रवार को रायपुर पहुंचे, जहां एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने अपनी हालिया जीत के लिए छत्तीसगढ़ के भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि उनका छत्तीसगढ़ से हमेशा से एक विशेष जुड़ाव रहा है और इसी आत्मीयता के साथ उन्होंने प्रदेशवासियों को छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस की शुभकामनाएं दीं।
नितिन नबीन ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पहली बार महानिदेशक/महानिरीक्षक (DGP/IGP) के 60वें अखिल भारतीय सम्मेलन का आयोजन होना अपने आप में महत्वपूर्ण है, जो बताता है कि यह राज्य तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, “अटल जी ने छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया था और प्रधानमंत्री मोदी जी उसके विकास को नई दिशा दे रहे हैं। हमने जो बनाया है, उसे हम ही संवारेंगे—इसी संकल्प के साथ कार्य जारी है।”
=कांग्रेस पर तीखा हमला… “नियंत्रणहीन पार्टी में सिर-फोड़ावल तो होगा ही”=
हाल ही में छत्तीसगढ़ आए कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट के दौरे के दौरान पार्टी में उभरे विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए नितिन नबीन ने कहा कि कांग्रेस आज एक नियंत्रणहीन और दिशा-विहीन पार्टी बनकर रह गई है। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी का नेतृत्व अस्पष्ट हो, जिसकी नीयत ठीक न हो और जिसके पास कोई सिद्धांत न बचे, वहां आंतरिक कलह होना स्वाभाविक है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “कांग्रेस के आका और आका-मान में ही भेदभाव है। कर्नाटक में तो राहुल गांधी के दरबार से ही उप मुख्यमंत्री का खेल चल रहा है। जब शीर्ष नेतृत्व ही मुख्यमंत्री को नीचा दिखाने में लगा हो, तो पार्टी का क्या होगा? यही हाल अब छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिल रहा है।”
=नक्सलवाद पर कहा— “छत्तीसगढ़ अपने स्वभाव से विकसित हो रहा है, न कि किसी दबाव से”=
नक्सलवाद पर पूछे गए सवालों के जवाब में नितिन नबीन ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देशन में छत्तीसगढ़ सरकार और गृह विभाग के साथ पूरी समन्वयता से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नक्सल उन्मूलन की दिशा में जिस तेजी से काम हो रहा है, वह उत्साहजनक है।
उन्होंने कहा, “मुझे खुशी है कि जिस गति से यह अभियान आगे बढ़ रहा है, उससे यह साफ है कि छत्तीसगढ़ अपने मूल स्वभाव से विकसित होगा, किसी अन्य के दबाव से नहीं।”
—


















