वाशिंगटन,28 नवंबर। अमेरिका में संघीय एजेंसियों के लिए ग्रीन कार्ड प्रवासियों को गिरफ्तार करने का जाल बन गया है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि जो प्रवासी ग्रीन कार्ड के लिए साक्षात्कार देने सैन डिएगो स्थित अमेरिकी नागरिकता एवं आव्रजन सेवा (यूएससीआईएस) कार्यालय पहुंच रहा है, उसे हिरासत में लिया जा रहा है। इसमें अधिकतर वे लोग शामिल हैं, जो अमेरिकी नागरिक से शादी करके ग्रीन कार्ड पाने के हकदार बने हैं।
आव्रजन वकील समन नासेरी ने अमेरिकी मीडिया को बताया कि संघीय एजेंसियों ने साक्षात्कार के दौरान वीजा अवधि से अधिक समय तक अमेरिका में रहने वालों को गिरफ़्तार करना शुरू किया है। पिछले हफ्ते साक्षात्कार के दौरान उनके 5 मुवक्किलों को हिरासत में लिया गया था, जबकि उनका कोई आपराधिक इतिहास या गिरफ्तारी नहीं है। उन्होंने कहा कि आव्रजन और सीमा शुल्क प्रवर्तन (आईसीई) और यूएससीआईएस ने नीति लागू की, जिसके तहत साक्षात्कार के दौरान गिरफ्तारी हो रही है।
एक अन्य वकील हबीब हसबिनी ने भी ऐसे अनुभवों की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि उन्हें गिरफ़्तार किए गए लोगों के ढेरों फोन कॉल आ रहे हैं। हसबिनी ने सिफारिश की कि जिन लोगों के पास ग्रीन कार्ड साक्षात्कार निर्धारित हैं, उन्हें भी इसमें भाग लेना चाहिए और संभावित हिरासत के लिए सतर्क और तैयार रहना चाहिए। उन्होंने हिरासत में लिए जाने की स्थिति में परिवार और काम के लिए व्यवस्था करने का सुझाव दिया है।
आव्रजन वकील टेसा कैबरेरा ने बताया कि उनके मुवक्किल 2002 से अमेरिका में रह रहे मैक्सिकन नागरिक हैं। उनकी अमेरिकी नागरिक बेटी ने उसके लिए स्थायी निवास का आवेदन किया था, लेकिन ग्रीनकार्ड साक्षात्कार के दौरान 2 आईसीई अधिकारी आए और हथकड़ी लगाकर ले गए। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार लोगों को संघीय भवन के तहखाने में ले गए और वहां से ओटाय मेसा डिटेंशन सेंटर में हिरासत में भेजा गया है।
आईसीई प्रवक्ता ने मीडिया को बताया कि एजेंसी संघीय आव्रजन कानूनों को लागू करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है, जो राष्ट्रीय सुरक्षा, सार्वजनिक सुरक्षा और सीमा सुरक्षा पर जोर देते हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका में अवैध रह रहे लोगों को गिरफ्तारी, नजरबंदी और निष्कासन का सामना करना पड़ सकता है, जिसमें अधिकतर यूएससीआईएस कार्यालय पहुंच रहे हैं। बता दें अफगान शरणार्थी द्वारा व्हाइट हाउस के पास 2 नेशनल गार्ड्स को गोली मारने के बाद सख्ती बढ़ गई है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

