बैंकॉक,28 नवंबर। थाईलैंड के दक्षिणी हिस्से में आई भीषण बाढ़ से मरने वालों का आंकड़ा 145 पर पहुंच गया है। सोंगखला इलाका सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है, जहां अकेले 110 लोग मारे गए हैं। लगभग ये पूरा इलाका डूब गया है, जिसके चलते जनहानि के साथ घरों-मकानों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। थाईलैंड के अधिकारियों ने इसे बीते कई सालों में आई सबसे खतरनाक प्राकृतिक आपदाओं में से एक घोषित कर दिया है।
थाईलैंड के आपदा निवारण एवं न्यूनीकरण विभाग के अनुसार, 12 दक्षिणी प्रांतों में 12 लाख से ज्यादा परिवार और 36 लाख लोग कई दिनों से हो रही लगातार भारी बारिश से प्रभावित हुए हैं। सरकारी प्रवक्ता सिरीपोंग अंगकासाकुलकियात ने बताया कि 8 प्रांतों में कई लोग मारे गए हैं। बाढ़ की वजह से बड़े इलाके जलमग्न हैं, जिसके चलते हजारों लोगों को राहत शिविरों में शरण लेनी पड़ी है और संपत्ति और बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है।
अधिकारियों ने बताया कि जलस्तर कम होने के बाद अचानक से मृतकों का आंकड़ा बढ़ा है। दरअसल, इससे पहले बाढग़्रस्त इलाकों में बचाव कर्मी पहुंच नहीं पा रहे थे। अब जलस्तर कम होने के बाद बचावकर्मियों ने ऐसे इलाकों से भी काफी संख्या में शव बरामद किए हैं। मलेशियाई सीमा से सटे बड़े व्याव्सायिक केंद्र हाट याई से भारी संख्या में शव मिले हैं। ये इलाका कई दिनों से पानी में डूबा हुआ था।
प्रवक्ता सिरिपोंग ने कहा कि तबाही का पैमाना बचाव कार्यों के लिए चुनौती बना हुआ है। हाट याई में एक अस्पताल ने का मुर्दाघर पूरी तरह भर गया है और वहां शव रखने के लिए जगह नहीं है। बाढ़ राहत अभियान के निदेशक पैराडॉर्न प्रिसानननताकुल ने कहा, अधिकारी अब ध्यान आपातकालीन प्रतिक्रिया से हटाकर लंबे समय तक चलने वाले राहत अभियान पर कर रहे हैं। अब हम पुनर्वास योजना के तहत शहरों को जल्द सामान्य करने के लिए काम करेंगे।
हाट याई में 21 नवंबर को 13 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई है। ये इस इलाके में बीते 300 साल में एक दिन में हुई सबसे ज्यादा बारिश है। यहां के 16,000 से ज्यादा लोग अभी भी राहत केंद्रों में हैं। सरकार ने पूरे प्रांत में बाढ़ पीडि़तों के लिए 13,000 करोड़ रुपये के पैकेज को मंजूरी दी है। हाट याई में 33,000 घरों, 5 अस्पतालों, 58 स्कूलों और 700 किलोमीटर लंबी सड़कों को नुकसान हुआ है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

