देहरादून 28 नवंबर (आरएनएस)। एनसीसी निदेशालय उत्तराखंड ने शुक्रवार को 78वां एनसीसी दिवस राष्ट्र प्रेम और गर्व की भावना के साथ मनाया। इस दौरान उच्च प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स और स्टाफ को मुख्य अतिथि उत्तराखंड निदेशालय के मेजर जनरल रोहन आनंद ने सम्मानित किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तराखंड निदेशालय, मेजर जनरल रोहन आनंद ने बताया कि वर्तमान में निदेशालय राज्य के 44,087 कैडेटों को प्रशिक्षण दे रहा है। दुनिया के सबसे बड़े वर्दीधारी युवा संगठन के रूप में एनसीसी अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्र सेवा का स्तंभ बना हुआ है। संगठन का लक्ष्य युवाओं में चरित्र, सौहार्द, धर्मनिरपेक्षता, निस्वार्थ सेवा और आत्मविश्वास जैसे मूल्यों को विकसित करना है, ताकि वे समाज और राष्ट्र निर्माण में सार्थक योगदान दे सकें। 762 कैडेटों ने विभिन्न एडवेंचर कैंपों में हिस्सा लिया, जबकि 4 कैडेटों ने माउंट एवरेस्ट पर सफलतापूर्वक चढ़ाई कर उत्तराखंड का मान बढ़ाया। इसके अतिरिक्त 325 कैडेट ‘युवा आपदा मित्रÓ के रूप में प्रशिक्षित हुए। 1140 कैडेट सशस्त्र बलों में चुने गए और 631 कैडेटों को सरकारी एवं निजी क्षेत्रों में रोजगार प्राप्त हुआ। समारोह में एनसीसी के ग्रुप कमांडर, सैन्य अधिकारी, सिविलियन स्टाफ और सभी बटालियन के एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

