देहरादून 28 नवंबर (आरएनएस)। छावनी परिषद क्लेमेन टाउन जिला देहरादून की बोर्ड बैठक शुक्रवार को अध्यक्ष ब्रिगेडियर पीजे प्रभाकरन की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इसमें छावनी हाई स्कूल में छात्रों को स्मार्ट क्लास की सुविधा और कंप्यूटर लैब के प्रस्ताव समेत विभिन्न प्रस्तावों पर निर्णय लिया गया। बैठक की शुरुआत में बोर्ड की सचिव अंकिता सिंह ने सर्कुलर एजेंडे के माध्यम से स्वीकृत कुछ भवन मानचित्रों और छावनी चिकित्सालय से संबंधित विभिन्न प्रस्तावों का ब्यौरा प्रस्तुत किया गया। जिसे बोर्ड ने सर्वसम्मति से अनुमोदित कर दिया। इसके बाद उन्होंने छावनी हाई स्कूल में सीएसआर के माध्यम से निर्मित हो रहे कम्प्यूटर लैब और स्मार्ट क्लासेस के प्रस्ताव को बोर्ड के समक्ष रखा। उन्होंने बताया कि जल्द ही छावनी हाई स्कूल और अंग्रेजी मीडियम के जूनियर हाई स्कूल के छात्रों को स्मार्ट क्लासेस और कम्प्यूटर लैब की आधुनिक शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। बोर्ड सदस्य भूपेन्द्र सिंह कंडारी ने इस प्रयास की सराहना की। इसके बाद कुछ वृक्षों के कटान से संबंधित प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए। बोर्ड अध्यक्ष ब्रिगेडियर पी.जे प्रभाकरन ने कहा कि छावनी क्षेत्र की हरियाली को बनाए रखना हम सभी का दायित्व है। इसलिए यदि किसी आवेदक को उसकी निजी भूमि पर वृक्ष कटान की अनुमति प्रदान की जाती है तो उसे छावनी क्षेत्र के पार्क या सार्वजनिक स्थलों पर कम से कम चार वृक्ष लगाने होंगे, जिनकी देखरेख की जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति और छावनी परिषद दोनों की होगी। इसके बाद सचिव ने कैंट बोर्ड के कम्युनिटी सेंटर, बारात घर के समीप स्थित कैंट भूमि पर एक इंडोर गेम्स कॉम्पलेक्स के निर्माण का प्रस्ताव भी बोर्ड के समक्ष रखा। उन्होंने बताया कि इस प्रस्ताव को वर्ष 2025-26 के रिवाइज्ड बजट में सम्मिलित कर दिया गया है और इसके लिए धनराशि महानिदेशक रक्षा सम्पदा, भारत सरकार, रक्षा मंत्रालय द्वारा जल्द उपलब्ध कराई जाएगी। अध्यक्ष और बोर्ड सदस्य ने जनहित में स्वीकृति प्रदान करते हुए इस प्रस्ताव को पारित कर दिया। — आवासीय भवन मानचित्रों को भी स्वीकृत किया बोर्ड सदस्य भूपेन्द्र सिंह कंडारी ने कहा कि इस इंडोर गेम्स कॉम्प्लेक्स से कैंट क्षेत्र के युवाओं को बैडमिंटन, टेबल टेनिस व अन्य खेलों की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। बोर्ड ने तीन आवासीय भवन मानचित्रों को भी स्वीकृत किया गया। साथ ही कर्मचारियों से संबंधित कुछ प्रस्तावों पर भी अनुमोदन प्रदान किया गया। बैठक के बाद बोर्ड सदस्य ने मुख्य अधिशासी अधिकारीअंकिता सिंह को उनके कार्यालय में मुख्य पोस्ट ऑफिस रोड को जनहित में 24म7 खोलने के संबंध में एक ज्ञापन सौंपा। उन्होंने इस विषय को आगामी बोर्ड बैठक के एजेंडे में शामिल करने का अनुरोध किया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

