विकासनगर 28 नवंबर (आरएनएस)। वीर शहीद केसरी चन्द राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के वाणिज्य विभाग की ओर से गुरुवार को इंटर-सेमेस्टर डिबेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। ‘क्या एआई नौकरियों के लिए खतरा है या नए उद्योगों के लिए अवसरÓ विषय पर आयोजित डिबेट में बीकॉम प्रथम, तृतीय एवं पंचम सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं ने अपने प्रभावी तर्कों से श्रोताओं को प्रभावित किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डीएस नेगी ने कहा कि आज के युवा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के दोधारी पक्ष को समझते हुए भविष्य की दिशा तय कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह मंच छात्रों के विचारों को राष्ट्रीय स्तर की बहस का स्वरूप देता है और उन्हें समकालीन मुद्दों पर चिंतन करने का अवसर प्रदान करता है। वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. पूजा राठौर ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्रों में बहुआयामी चिंतन, संवाद कौशल, टीम वर्क तथा एआई के सामाजिक-आर्थिक प्रभावों की समझ विकसित करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में राजनीति विज्ञान विभाग की डॉ. राजकुमारी भंडारी चौहान, डॉ. राजेश कुमार तथा डॉ. नेहा कुकरेती शामिल रहीं। वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. आरएस गंगवार ने छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि तकनीकी परिवर्तन के दौर में युवाओं को अवसरों की पहचान करने की क्षमता विकसित करनी चाहिए। प्रतियोगिता में बीकॉम तृतीय सेमेस्टर की स्नेहा सैनी ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि द्वितीय स्थान बीकॉम पंचम सेमेस्टर की रिया को प्राप्त हुआ। तृतीय स्थान प्रियांशी भारद्वाज एवं प्रशांत (बीकॉम प्रथम वर्ष) ने संयुक्त रूप से हासिल किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. राधेश्याम गंगवार, आयोजन में छात्र वॉलिंटियर्स शिवानी सिरोही, करिश्मा, शाहरुख, रितिका, आलिया फातिमा, खुशी रतूड़ी, आदित्य चौहान और शिवांश तिवारी आदि मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

