भोपाल 28 नवंबर (आरएनएस)। फार्मेसी काउंसिल दफ्तर के परिसर में युवक के साथ मारपीट की गई। घटना का वीडियो सामने आया है। आरोप फार्मेसी काउंसिल के अध्यक्ष संजय जैन और अन्य अधिकारियों पर है।
पीडि़त ने एक वीडियो भी जारी किया है। इसमें रोते हुए कहा मेरा नाम तुषार सुनार है। फार्मेसी काउंसिल के अध्यक्ष संजय जैन, केके यादव, गोपाल यादव और अन्य अधिकारियों ने मुझे खूब मारा है। मुझे घसीटकर अंदर ले गए। मेरे प्राइवेट पार्ट पर भी मारा, ब्लीडिंग हो रही है। मुख्यमंत्री से गुहार है कि कार्रवाई करें।
तुषार ने कहा वारदात के वक्त मौजूद पुलिसकर्मी सिर्फ खड़ा देखता रहा।
तुषार के मुताबिक, वह पिछले एक महीने से सर्टिफिकेट पर डिजिटल साइन कराने के लिए काउंसिल के चक्कर काट रहा था। हर बार उसे टरका दिया जाता। रजिस्ट्रार मैडम से शिकायत करने गया तो वे लंच पर चली गईं। घंटों तक लौटकर नहीं आईं।
शुक्रवार को वह एक बार फिर काउंसिल पहुंचा। अधिकारी के केबिन में जाने लगा तो गार्ड ने उसे रोक लिया।
तुषार ने बताया कि गार्ड ने उसका कॉलर पकड़ा और धक्का दे दिया। जब उसने खुद को छुड़ाया तो गार्ड पीछे की ओर गिर गया और चैनल से टकरा गया। इसके बाद पूरा स्टाफ बाहर आ गया। सभी उसे घेरकर मारने लगे।
तुषार ने बताया कि लगातार चक्कर लगाने के कारण वो निराश था। ऐसे में उसने अपनी और वहां मौजूद अन्य स्टूडेंट्स की आपबीती को वीडियो में रिकॉर्ड किया। जिसकी जानकारी जब अंदर मौजूद अधिकारियों को मिली तो वो नाराज हो गए। वे बाहर आए और उसके साथ मारपीट करने लगे।
घटना के प्रत्यक्षदर्शियों ने भी पुष्ट?ि की है कि गार्ड ने पहले युवक का कॉलर पकड़ा था, उसके बाद मारपीट शुरू हुई। लोगों ने कहा कि वहां एक पुलिसकर्मी मौजूद था, लेकिन उसने तुषार को बचाने की कोशिश नहीं की।
तुषार और उसके परिवार ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि फार्मेसी काउंसिल अध्यक्ष संजय जैन समेत केके यादव, गोपाल यादव और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो। कड़ी कार्रवाई की जाए।
घटना पर नाराजगी जताते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने फार्मेसी काउंसिल दफ्तर पर प्रदर्शन किया। पदाधिकारियों ने कहा जब तक संजय जैन इस्तीफा नहीं देंगे, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा।
एबीवीपी के प्रदर्शन से पहले एनएसयूआई ने भी दफ्तर परिसर में नारेबाजी की। अध्यक्ष की नेम प्लेट पर कालिख पोत दी।

