भोपाल 28 नवंबर (आरएनएस)।महापौर मालती राय ने बैरसिया विधानसभा के विधायक विष्णु खत्री एवं निगम आयुक्त संस्कृति जैन की उपस्थिति में बैरसिया नगर पालिका के अधिकारियों को स्वच्छता एवं बेहतर कचरा प्रबंधन हेतु 04 मैजिक वाहन, 04 साईकिल रिक्शा एवं 05 हैंडकार्ट सौंपे और झण्डी दिखाकर वाहनों को रवाना किया। इस अवसर पर स्वच्छ भारत मिशन के मिशन उप संचालक नीलेश दुबे, पार्षद राकेश यादव, अधीक्षण यंत्री उदित गर्ग सहित नगर निगम, भोपाल नगर पालिका बैरसिया के अधिकारी भी मौजूद थे।
महापौर मालती राय ने शुक्रवार को आई.एस.बी.टी परिसर में विधायक विष्णु खत्री एवं निगम आयुक्त संस्कृति जैन की उपस्थिति में बैरसिया नगर पालिका के अधिकारियों को वाहन एवं अन्य संसाधन सौंपे। इस अवसर पर महापौर मालती राय ने कहा कि भोपाल नगर निगम द्वारा बैरसिया नगर में स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छता और कचरा प्रबंधन को सुदृढ़ बनाने के दृष्टिगत लगातार जन जागरूकता व अन्य स्वच्छता की गतिविधियों में सहयोग दिया जा रहा है। बैरसिया नगर में स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन की व्यापक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित कराने के दृष्टिगत भोपाल नगर निगम के प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी को स्वच्छ शहर जोड़ी के तहत नोडल अधिकारी भी बनाया गया है और भोपाल शहर के 21 जोनों की तरह बैरसिया को भी एक अतिरिक्त जोन मानकर कार्य कर रहे है ताकि भोपाल भी स्वच्छता की दिशा में आगे बढ़े और बैरसिया को भी स्वच्छता में सुधार हेतु सहयोग किया जा सके।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में कमजोर प्रदर्शन करने वाले शहरों को समीपस्थ शहरों के साथ बनाई गई स्वच्छ शहर जोड़ी के तहत भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा भोपाल एवं बैरसिया की स्वच्छ शहर जोड़ी बनाई गई है जिसके तहत नगर निगम, भोपाल द्वारा स्वच्छता संबंधी विभिन्न गतिविधियों में लगातार सहयोग किया जा रहा है। इसी क्रम में नगर पालिक निगम, भोपाल ने बैरसिया नगर में स्वच्छता एवं बेहतर कचरा प्रबंधन सुनिश्चित कराने के दृष्टिगत 04 मैजिक वाहन, 05 साईकिल रिक्शा एवं 05 हैंडकार्ड उपलब्ध कराए है। इससे पहले महापौर राय ने बैरसिया नगर पालिका अध्यक्ष व सी.एम.ओ एवं अन्य जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के साथ बैठके भी की और बैरसिया नगर में स्वच्छता के प्रति जन जागरूकता हेतु रैलियां एवं जनसम्पर्क अभियान में सम्मिलित होकर आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने, स्वच्छता की गतिविधियों में सक्रिय सहयोग करते हुए अपने नगर को स्वच्छता रैंकिंग में सुधार लाने का आव्हान भी किया था।

