कोलंबो,29 नवंबर (आरएनएस)। वर्ल्ड पावरलिफ्टिंग चौंपियनशिप 2025 की शुरुआत देश के लिए गर्व का क्षण रही। शुक्रवार को आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में आगरा के जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, इटौरा के व्यायाम शिक्षक हरीश चंद्र ने 77 किग्रा भार वर्ग में गोल्ड और कक्षा 11 के छात्र रमन कुमार ने 56 किग्रा भार वर्ग में सिल्वर जीतकर देश का मान बढ़ाया। दोनों की इस ऐतिहासिक सफलता ने प्रदेश सहित पूरे देश को गर्व से भर दिया।समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित सर्वोदय विद्यालय, इटौरा लगातार खिलाडिय़ों की प्रतिभा निखारने में आगे रहा है। विद्यालय द्वारा तैयार किए गए ये दोनों खिलाड़ी 26 नवंबर को कोलंबो के लिए रवाना हुए थे, जहाँ 40 से अधिक देशों के खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं।दोनों खिलाडिय़ों का चयन हाल ही में गुजरात में आयोजित राष्ट्रीय पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर हुआ था। रमन कुमार ने मैसाना में सब-जूनियर 56 किग्रा वर्ग में गोल्ड जीता था, जबकि हरीश चंद्र ने सूरत में सीनियर 77 किग्रा वर्ग में गोल्ड के साथ डेडलिफ्ट में राष्ट्रीय रेकॉर्ड भी बनाया था।समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने दोनों खिलाडिय़ों की उपलब्धि पर बधाई दी और कहा कि कोलंबो में मिली यह ऐतिहासिक उपलब्धि पूरे प्रदेश और देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि सर्वोदय विद्यालय, इटौरा के छात्र और शिक्षक ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर जो प्रदर्शन किया है, वह आने वाले खिलाडिय़ों के लिए प्रेरणा बनेगा। समाज कल्याण विभाग के उपनिदेशक एवं योजनाधिकारी जे. राम ने भी कहा कि इस उपलब्धि से भविष्य में विद्यालय से और भी अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाडिय़ों के निकलने की उम्मीद और मजबूत हुई है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

