-परिसर विकास को नई दिशा, मुख्य मार्गों का उन्नयन कार्य सम्पन्न
-मुख्य परिसर में 9 किलोमीटर नई सड़क ने बढ़ाई सुविधा
अयोध्या,29 नवंबर (आरएनएस)। नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर में लंबे समय से जर्जर हो चुकी सड़कों और पार्किंग क्षेत्र का अब पूरी तरह कायाकल्प हो गया है। योगी सरकार के निर्देश पर कार्यदाई संस्था यूपी सिडको ने लगभग 10.96 करोड़ रुपये की लागत से करीब 9 किलोमीटर लंबी आंतरिक सड़कों का सुदृढ़ीकरण और 1900 वर्ग मीटर क्षेत्र में इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने का कार्य निर्धारित समय सीमा से पहले ही पूरा कर लिया है। विश्वविद्यालय परिसर में पहले बारिश के दिनों में कीचड़ और गड्ढों से छात्र-छात्राएं, शिक्षक और कर्मचारी बेहद परेशान रहते थे। वाहनों की आवाजाही भी जोखिम भरी हो गई थी। इस समस्या को देखते हुए प्रदेश सरकार ने कृषि शिक्षा के उन्नयन और बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण के लिए विशेष बजट आवंटित किया था। यूपी सिडको को यह जिम्मेदारी सौंपी गई और निगम ने इसे प्राथमिकता के साथ पूरा किया।
यूपी सिडको के अधिशासी अभियंता जगपाल वर्मा ने बताया कि परियोजना की कुल लागत 10.96 करोड़ की रुपये थी। इसमें मुख्य मार्गों सहित सभी आंतरिक सड़कों को डामरीकरण के साथ मजबूत किया गया है। साथ ही विश्वविद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार से लेकर विभिन्न विभागों, हॉस्टल और प्रशासनिक भवन तक की सड़कें अब चौड़ी और मजबूत हो गई हैं। जल-जमाव की समस्या भी खत्म हो गई है।
निर्माण कार्य न केवल परिसर की सुंदरता बढ़ाएगा बल्कि छात्रों को बेहतर शैक्षणिक माहौल भी प्रदान करेगा। योगी सरकार कृषि शिक्षा और अनुसंधान के प्रति गंभीर है और पिछले कुछ वर्षों में विश्वविद्यालय को अनेक नई सुविधाएं मिली हैं। चाहे नई लैब हो या आधुनिक हॉस्टल, सरकार का पूरा सहयोग रहा है। विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने भी इस कार्य को ऐतिहासिक बताया। बच्चों का कहना था कि पहले बारिश में कैंपस में चलना मुश्किल हो जाता था, अब पूरा परिसर हाईवे जैसा चमक रहा है। योगी सरकार में प्रदेश के कृषि विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों का तेजी से कायाकल्प हो रहा है। अकेले नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय में पिछले पांच वर्षों में सड़क, भवन, लैब और हॉस्टल निर्माण पर सैकड़ों करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। यह कार्य यूपी में कृषि शिक्षा को विश्व स्तरीय बनाने की दिशा में एक और मजबूत कदम माना जा रहा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

