6 माह में ढाई लाख से अधिक को उपलब्ध कराई सेवा
प्रयागराज,29 नवंबर (आरएनएस)। स्वस्थ नागरिक राष्ट्र की समृद्धि के आधार स्तम्भ है। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार प्रदेश में निरोधात्मक, उपचारात्मक एवं संवर्धनात्मक स्वास्थ्य सेवाओं का पर्याप्त रूप से सतत विकास कर रही है। प्रदेश के मरीजों को उपचार के लिए अस्पताल तक लाने हेतु निशुल्क एम्बुलेंस सेवा आकस्मिक परिस्थितियों में मरीजों के लिए जीवन दायिनी बन रही है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की एम्बुलेंस की सेवाएँ आम लोगों को आपातकालीन स्थिति में जीवनदायिनी सिद्ध हो रही है। प्रयागराज मण्डल में अपर निदेशक, स्वास्थ्य डा.राजेश कुमार ने बताया कि प्रयागराज मण्डल में माह अप्रैल 2025 से सितंबर 2025 तक 8.31 लाख लोगों ने किसी न किसी प्रकार की एम्बुलेन्स सेवा का लाभ प्राप्त किया। प्रयागराज मण्डल में 108 एम्बुलेन्स सेवा की 135 एम्बुलेन्स व 102 एम्बुलेन्स सेवा की 154 एम्बुलेस चल रही हैं।
इसी तरह मंडल में एडवांस लाइफ सपोर्ट सिस्टम युक्त 13 एम्बुलेंस सेवा दे रही हैं जिसमें प्रयागराज में 4, कौशाम्बी में 2, फतेहपुर में 3 और प्रतापगढ़ जिले में 4 एंबुलेंस उपलब्ध हैं।
बाक्स
मंडल में प्रयागराज जिले में सर्वाधिक लोगों ने उठाया दोनों सेवा का लाभ
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत एम्बुलेन्स सेवाओं का व्यापक विस्तार किया गया है कुछ पुरानी एम्बुलेन्स के स्थान पर अब नयी एम्बुलेन्स आ चुकी है। एनएचएम के मण्डलीय परियोजना प्रबंधक हरित सक्सेना ने बताया कि वर्ष 2025-26 माह अप्रैल 25 से सितम्बर 25 तक प्रयागराज जिले में 102 एम्बुलेन्स सेवा से 201739 मरीजों ने लाभ लिया व 108 एम्बुलेन्स सेवा से 53849 मरीजों ने लाभ लिया। इस तरह इस अवधि में जिले में कुल 2 ,55,688 लोगों को इसका लाभ मिला । इसी अवधि में फतेहपुर जिले में 102 एम्बुलेन्स सेवा से 150794 मरीजों ने लाभ लिया व 108 एम्बुलेन्स सेवा से 47537 मरीजों ने लाभ लिया। उपरोक्त अवधि में कौशाम्बी जिले में 102 एम्बुलेन्स सेवा से 120333 मरीजों ने लाभ लिया व 108 एम्बुलेन्स सेवा से 31834 मरीजों ने लाभ लिया जबकि प्रतापगढ़ जिले में इसी अवधि में 102 एम्बुलेन्स सेवा से 170461 मरीजों ने लाभ लिया व 108 एम्बुलेन्स सेवा से 54724 मरीजों ने लाभ लिया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

