रायपुर,30 नवंबर (आरएनएस)।नवा रायपुर स्थित IIM रायपुर में चल रहा 60वां अखिल भारतीय DGP-IGP सम्मेलन आज तीसरे और अंतिम दिन में पहुंच गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं सभी सत्रों की अध्यक्षता कर रहे हैं। दिन की शुरुआत पीएम ने सुबह 6 से 6:30 बजे योग के साथ की।
सुबह 8:30 बजे सभी अधिकारियों के साथ फोटो सेशन निर्धारित है, जिसके बाद करीब 9 बजे ब्रेकफास्ट मीटिंग होगी। लगभग 10 बजे से सत्रों की शुरुआत होगी।
=पुलिसिंग में AI और जियो-पॉलिटिकल चुनौतियों पर चर्चाएं=
पहले सत्र में पुलिसिंग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग पर विस्तृत बातचीत होगी। दूसरे सत्र में वैश्विक भू-राजनीतिक चुनौतियों और विदेशी हस्तक्षेप से निपटने की रणनीतियों पर चर्चा की जाएगी।
दोपहर 12 बजे टी ब्रेक के बाद R&AW अधिकारी देश के बदलते सुरक्षा परिवेश और बाहरी खतरों पर प्रस्तुतीकरण देंगे।
=पुरस्कार समारोह और प्रधानमंत्री का संबोधन=
बैठकों के समापन के बाद प्रधानमंत्री मोदी डेलीगेट्स, अवार्ड प्राप्त अधिकारियों और अन्य विशेष आमंत्रितों से मुलाकात करेंगे। इंटेलिजेंस ब्यूरो के अधिकारियों को राष्ट्रपति मेडल प्रदान किया जाएगा।
दोपहर 3 बजे शहरी पुलिसिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन शहरों को सम्मानित किया जाएगा और इसके बाद प्रधानमंत्री का संबोधन होगा। भाषण के पश्चात पुरस्कार प्राप्त अधिकारियों के साथ फोटो सेशन भी होगा।
शाम 4 बजे पीएम मोदी IIM परिसर से प्रस्थान करेंगे। इसके बाद 4:40 बजे पुलिस स्पोर्ट्स से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी और 5:10 बजे तीन दिवसीय सम्मेलन का औपचारिक समापन किया जाएगा।
=राष्ट्रीय सुरक्षा पर व्यापक विचार-विमर्श का मंच=
यह वार्षिक सम्मेलन देशभर की पुलिस एवं सुरक्षा एजेंसियों के शीर्ष अधिकारियों को एक साझा मंच प्रदान करता है, जहां राष्ट्रीय सुरक्षा, अपराध नियंत्रण, आधुनिक पुलिसिंग, आंतरिक खतरों, पुलिस कल्याण और इन्फ्रास्ट्रक्चर संबंधी मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श होता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2014 से इस सम्मेलन के स्वरूप में कई सुधार किए हैं, जिनमें देश के अलग-अलग स्थानों पर आयोजन भी शामिल है। यह सम्मेलन पहले गुवाहाटी, कच्छ, हैदराबाद, टेकनपुर, केवड़िया, पुणे, लखनऊ, नई दिल्ली, जयपुर और भुवनेश्वर में आयोजित हो चुका है।
IIM रायपुर में हो रहा यह आयोजन देश की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


















