-सफाई कर्मियों ने ज्वाइनिंग के लिए लगाया अवैध वसूली का आरोप
अयोध्या 30 नवंबर (आरएनएस )। अयोध्या छावनी परिषद में नियुक्ति प्रक्रिया पर विवादों से घिर गयी है। सफाई कर्मियों ने ठेकेदार और उससे जुड़े लोगों पर ज्वाइनिंग के नाम पर अवैध वसूली का गंभीर आरोप लगाया है। आरोप है कि लगभग 180 सफाई कर्मियों की भर्ती में से 17 कर्मियों से 10-10 हजार रुपये लिए गए। इस कथित वसूली के विरोध में आज सफाई कर्मचारी राजकीय इंटर कॉलेज के पीछे स्थित मंडलीय मनोविज्ञान केंद्र कार्यालय के बाहर एकत्र हुए और विरोध दर्ज कराया। विवाद बढऩे पर नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। इसी दौरान कर्मचारियों ने बिहार निवासी रत्नेश नाम के व्यक्ति को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोप है कि वही भर्ती के नाम पर रुपये वसूल रहा था। जांच में रत्नेश के पास से 10,000 रुपये बरामद होने की बात भी सामने आई है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है। पुलिस अब पूरे प्रकरण की जांच में जुट गई है। छावनी परिषद प्रशासन से नियुक्ति से जुड़े दस्तावेज और तथ्य मांगे जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि अवैध वसूली में किन-किन लोगों की संलिप्तता है। फिलहाल सफाई कर्मियों में रोष व्याप्त है और वे निष्पक्ष कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

