लखनऊ 30 नवंबर (आरएनएस )उत्तर प्रदेश सरकार ने राजधानी लखनऊ के इंदिरा नगर बी-ब्लॉक स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर में पर्यटन अवस्थापना सुविधाओं के विकास को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री पर्यटन स्थलों के विकास योजना के तहत इस परियोजना के लिए 1 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। यह जानकारी राज्य के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी।मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि जैन समुदाय ने प्रदेश के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और इसी सम्मान को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर को आधुनिक और आगंतुक अनुकूल सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा। स्वीकृत धनराशि से मंदिर परिसर में बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था, सूचना संकेतक, सूचना केंद्र और अन्य पर्यटन सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इसके माध्यम से न केवल स्थानीय श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी, बल्कि दूर-दराज से आने वाले पर्यटकों को भी सहज, सुरक्षित और समृद्ध अनुभव प्राप्त होगा।पर्यटन मंत्री ने बताया कि ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों का संरक्षण और उनका विकास राज्य सरकार की प्राथमिकता है। राजधानी के प्रमुख आस्था स्थलों को मजबूत पर्यटन अवसंरचना से जोडऩे से शहर की सांस्कृतिक पहचान और भी सुदृढ़ होगी। साथ ही, इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था, रोजगार और छोटे व्यवसायों को भी बढ़ावा मिलेगा।इंदिरा नगर का श्री दिगंबर जैन मंदिर स्थानीय जैन समुदाय के लिए एक प्रमुख आस्था केंद्र है। लखनऊ के डालीगंज, चौक और आशियाना क्षेत्रों में स्थित अन्य जैन मंदिर भी विशेष अवसरों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को आकर्षित करते हैं। आशियाना स्थित मंदिर में एक हजार वर्ष पुरानी भगवान महावीर की प्रतिमा और लगभग 800 वर्ष पुराने हस्तलिखित जैन ग्रंथ विशेष आकर्षण का केंद्र हैं।मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि जैन समुदाय ने उत्तर प्रदेश की सामाजिक और सांस्कृतिक धरोहर को समृद्ध बनाने में अग्रणी भूमिका निभाई है। सरकार जैन सर्किट सहित 12 पर्यटन सर्किटों के विकास पर कार्य कर रही है। लखनऊ के श्री दिगंबर जैन मंदिर परियोजना से जैन समाज को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी और राजधानी के पर्यटन परिदृश्य को नई दिशा एवं गति मिलेगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

