भोपाल 30 नवंबर (आरएनएस)। कोहेफिजा इलाके में इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद युवक ने महिला से रेप किया। बाद में शिकायत न करने के एवज में शादी करने की बात कही। अब आरोपी शादी करने से साफ मुकर गया है। पीडि़ता ने थाने पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराई। आरोपी युवक की फिलहाल गिरफ्तारी नहीं की जा सकी है। पुलिस के मुताबिक 30 वर्षीय पीडि़ता राजीव नगर में रहती है और शेयर ट्रेडिंग का काम करती है।
दो साल पहले इंस्टाग्राम पर उसकी दोस्ती स्वप्ननिल जैन नाम के युवक से हुई। आरोपी ने 30 अक्टूबर 2023 को पीडि़ता को मिलने के लिए बुलाया। मुलाकात के बाद दोनों ने एक रेस्टोरेंट में साथ डिनर किया। बाद में आरोपी ने महिला को ड्रॉप करने की बात कही। पीडि़ता उसके साथ अपने घर तक आई। यहां आने के बाद आरोपी ने घबराहट होने और तबीयत बिगडऩे की बात कही। यही बहाना बनाकर पीडि़ता के घर में रुक गया।
जहां उसने देर रात महिला के साथ डरा धमकाकर रेप किया। बाद में बदनाम करने की धमकी देकर कई बार अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर महिला से ज्यादती की। पीडि़ता ने पुलिस में शिकायत करने की बात कही तो आरोपी ने उससे शादी करने का भरोसा दिलाया। आरोपी ने महिला से हर तरह का संबंध खत्म कर दिया है। तब पीडि़ता ने शनिवार रात एफआईआर दर्ज करा दी।

