पत्नी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया
प्रयागराज 1 दिसंबर (आरएनएस)। करछना थाना क्षेत्र में एक अनियंत्रित कार की चपेट में आने से बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नैनी थाना क्षेत्र के धनुहा मामा भांजा निवासी 52 वर्षीय दिग्विजय गौड़ पुत्र स्व. राम सत्य गौड़ अपनी पत्नी सुशीला गौड़ के साथ मेंजा क्षेत्र के बिगहनी गांव में एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। यह दुर्घटना देवरी कला गांव स्थित आर्गन हॉस्पिटल के पास मिर्जापुर-प्रयागराज हाईवे पर हुई। शहर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पति-पत्नी दोनों सड़क किनारे बने लोहे के डिवाइडर से जा टकराए।
इस हादसे में दिग्विजय गौड़ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी सुशीला देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल सुशीला देवी को पास के आर्गन हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार कार चालक और वाहन का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

