पत्नी 13 महीने के बेटे को लेकर घर पहुंची तो की मारपीट
प्रयागराज 1 दिसंबर (आरएनएस)। पुरा मुफ्ती थाना क्षेत्र में रहने वाले एक ऑटो चालक ने पत्नी को धोखा देकर दूसरी शादी रचा ली। पत्नी और 13 महीने के बेटे को गाजियाबाद में छोड़कर चला आया और दूसरी पत्नी के साथ रहने लगा। जानकारी पर पत्नी पहुंची तो उससे मारपीट की। कहा कि उसके चाचा प्रधान हैं और पुलिस कुछ नहीं कर पाएगी। फिलहाल उसकी शिकायत पर पति समेत चार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पूरा मुफ्ती थाना क्षेत्र अकबरपुर की रहने वाली रीतू ने बताया कि 30 मार्च 2020 को उसकी शादी अकबरपुर सल्लाहपुर के ही रहने वाले दीपू पाल से हुई। शादी के बाद दोनों गाजियाबाद में रहने लगे जहां दीपू ऑटो चलाता था। 13 महीने पहले उसने एक बेटे को जन्म भी दिया।
रीतू ने आरोप लगाया कि इसी साल मार्च में दीपू ने उससे कहा कि उसके गांव में एक शादी है। वह शादी में शामिल होने जा रहा है और चार दिन में लौट आएगा। इंतजार करती रही लेकिन वह वापस नहीं आया। इसके बाद वह बेटे को लेकर ससुराल पहुंची तो उसे पता चला कि दीपू ने दूसरी शादी कर ली है।
रीतू ने बताया कि उसके ससुर चन्दी लाल, सास अमरावती और पति की दूसरी पत्नी कीर्ति ने उसे देखते ही भद्दी गालियां दीं और मारपीट कर घर में घुसने नहीं दिया। मारपीट के दौरान उसे चोटें आईं। इसी दौरान कीर्ति ने उसकी गले की जंजीर और पर्स छीन लिया जिसमें तीन हजार रुपये थे। परिवार के लोगों ने उसे धमकाया कि यहां से चली जाओ वरना पेट्रोल डालकर जला देंगे।
रीतू का कहना है कि जब उसने विरोध किया तो दीपु पाल और कीर्ति ने गला दबाकर जान से मारने का प्रयास भी किया। किसी तरह वह वहां से बचकर निकली। प्रार्थिनी के अनुसार दीपू यह कह रहा था कि वह कुछ नहीं कर पाएगी क्योंकि उसका चाचा राजू पाल ग्राम प्रधान है और पहले भी थाने में पुलिस पर दबाव डालकर समझौता करा चुका है। आरोप यह भी है कि फोन पर दीपू के ससुर रामपाल भी उसे मारने की धमकी दे रहे थे।
पूरा मुफ्ती थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पति समेत चार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें उसका पिता, मां, दूसरी पत्नी भी शामिल हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

