दतिया 1 दिसंबर (आरएनएस)। गीता जयंती के शुभ अवसर पर 1 दिसम्बर 2025 से 3 दिसम्बर तक अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव आयोजित किया जा है। आज गीता महोत्सव के प्रथम दिवस सोमवार को श्री पीताम्बरा पीठ के उत्तर द्वार पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, गीता पूजन एवं स्वस्तीवाचन से किया गया। कार्यक्रम में आध्यात्मिक ऊर्जा और श्रद्धा का अनूठा संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम में कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अक्षय कुमार तेम्रवाल एवं पीताम्बरा संस्कृतिक विधालय के छात्रों द्वारा गीता के 15वें अध्याय का सस्वर वाचन किया। अधिकारियों ने गीता उपदेशों को जीवन को दिशाबद्ध करने वाला मार्ग बताते हुए धर्म, कर्तव्य और शांति के संदेश पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों तथा विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भी सम्मिलित होकर गीता अध्याय का पाठ किया तथा इसके आध्यात्मिक और नैतिक महत्व को जाना। सामूहिक वाचन के दौरान पूरा परिसर ? और गीता श्लोकों की पवित्र ध्वनि से गुंजायमान हो उठा।
अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव की यह श्रृंखला न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत कर रही है बल्कि युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और सनातन ज्ञान से जोडऩे का सशक्त माध्यम भी बन रही है।
इस अवसर पर एसडीएम संतोष तिवारी, डीईओ सुनील शुक्ला, सहायक संचालक मुस्कान दिनकर, डीपीसी राजेश शुक्ला, बीईओ एस के वर्मा, आचार्यगण डॉ श्रीकृष्ण शास्त्री, डॉ कमलेश द्विवेदी, प्रतिनिधि विश्वगीता प्रतिष्ठानम उज्जयिनी मनोज द्विवेदी, प्रांतीय योग प्रमुख मध्यभारत प्रान्त डॉ के.डी. त्रिवेदी, जिला संयोजक विश्वगीता प्रतिष्ठानम प्रभारी श्री परशुराम कल्याण बोर्ड, श्री कुंजबिहारी गोस्वामी, श्री प्रशांत मिश्रा, बीड़ी निरंजन आदि उपस्थित रहे।
इसी प्रकार मध्यप्रदेश शासन संस्कृति विभाग और विश्वगीता प्रतिष्ठानम उज्जयिनी के संयुक्त तत्वावधान में आज अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव पर जिला मुख्यालय सहित नगरीय क्षेत्र सेवढ़ा भांडेर इन्दरगढ़ और बड़ौनी में गीता के 15 अध्याय का सस्वर पाठ किया किया। जिला मुख्यालय पर श्री पीताम्बरा पीठ परिसर में 1100 छात्र-छात्राओं तथा विकासखंड और तहसील मुख्यालयों पर लगभग 5 सौ विद्यार्थियों ने सहभागिता की।

