भोपाल 1 दिसंबर (आरएनएस)।भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में संगठनात्मक सक्रियता और नवाचारों का नया अध्याय शुरू हो गया है। इसी क्रम में कार्यकर्ताओं से संवाद एवं समन्वय मजबूत करने हेतु 01 दिसंबर, सोमवार से भाजपा प्रदेश कार्यालय में मंत्रियों की नियमित उपलब्धता की व्यवस्था प्रारंभ की गई है। इस व्यवस्था के अंतर्गत सोमवार से शुक्रवार दोपहर 01 से 03 बजे तक प्रतिदिन मध्यप्रदेश शासन के दो मंत्री प्रदेश कार्यालय में उपस्थित रहकर कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे तथा समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता-आधारित एवं कार्यकर्ता-केंद्रित संगठन है। प्रदेश के कार्यकर्ता जनता की समस्याओं को बूथ स्तर से लेकर प्रदेश नेतृत्व तक पहुँचाने का महत्वपूर्ण दायित्व निभाते हैं। प्रदेश कार्यालय में मंत्रियों की उपलब्धता से संगठन और शासन के बीच समन्वय और मजबूत होगा तथा समस्याओं का समाधान त्वरित, प्रभावी और पारदर्शी तरीके से हो सकेगा। यह व्यवस्था कार्यकर्ताओं की जनसमस्याओं के सुगम समाधान के लिए है। कार्यकर्ताओं से संवाद उपरांत मीडिया से चर्चा में उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल के विचार-विमर्श के बाद यह व्यवस्था प्रारंभ की गई है। इसके माध्यम से जनसमस्याओं पर विभागीय समन्वय कर समयबद्ध फॉलोअप किया जाएगा तथा संबंधित कार्यकर्ताओं को परिणाम से अवगत भी कराया जाएगा।
यह व्यवस्था कार्यकर्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए है- हेमंत खण्डेलवाल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता-आधारित एवं कार्यकर्ता-केंद्रित संगठन है। हमारा प्रयास है कि कोई भी कार्यकर्ता जनसमस्या लेकर समाधान के लिए सीधे संगठन और शासन दोनों का मार्गदर्शन एक ही स्थान पर आसानी से मिले। उन्होंने कहा कि प्रदेश कार्यालय में मंत्रियों की उपलब्धता से संगठन और सरकार के बीच समन्वय और अधिक सुदृढ़ होगा तथा कार्यकर्ताओं को समयबद्ध समाधान प्राप्त होगा। समय-सारिणी के अनुसार विभिन्न विभागों के मंत्री प्रदेश कार्यालय में बैठकर कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सुनेंगे और समाधान कराएंगे। इससे कार्यकर्ता अपने जिले और क्षेत्र की समस्याओं को सीधे सत्ता और संगठन तक पहुंचा सकेंगे। यह प्रयास संगठनात्मक गति, कार्यकर्ता संपर्क और समस्या-निराकरण को नई दिशा देगा।
विभागों से समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई की जाएगी- जगदीश देवड़ा
प्रदेश शासन के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल के विचार-विमर्श के बाद संगठन और सत्ता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से यह व्यवस्था शुरू की गई है। 01 दिसंबर से भाजपा प्रदेश कार्यालय, भोपाल में ‘मंत्री-दिन प्रणालीÓ प्रारंभ हुई है, जिसका उद्देश्य कार्यकर्ताओं की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। सोमवार को मैंने और प्रदेश शासन के मंत्री गौतम टेटवाल ने कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सुना और अधिकांश का समाधान भी कराया। प्राप्त आवेदनों को सूचीबद्ध कर संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। जिन समस्याओं का तत्काल समाधान नहीं हो सका, उनका फॉलोअप किया जाएगा और समाधान होने पर कार्यकर्ताओं को अवगत भी कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था निरंतर जारी रहेगी। केवल बड़े आयोजनों या विशेष कार्यक्रमों की स्थिति में ही इसे समायोजित किया जाएगा। सोमवार को प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक, प्रशासनिक तथा स्थानीय मुद्दों पर विस्तृत चर्चा भी की गई। कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सुनने हेतु इस व्यवस्था को शुरू कराने के लिए मैं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल के प्रति आभार व्यक्त करता हूं।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में सोमवार 1 दिसंबर को प्रदेश शासन के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा एवं प्रदेश शासन के मंत्री गौतम टेटवाल ने कार्यकर्ताओं से संवाद किया। 2 दिसंबर मंगलवार को प्रदेश शासन के मंत्री राकेश सिंह एवं दिलीप अहिरवार, 3 दिसंबर बुधवार को प्रदेश शासन के मंत्री विश्वास सारंग एवं लखन पटेल, 4 दिसंबर गुरूवार को प्रदेश शासन के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय एवं प्रतिमा बागरी, 5 दिसंबर शुक्रवार को प्रदेश शासन के मंत्री विजय शाह एवं नरेन्द्र शिवाजी पटेल कार्यकर्ताओं से संवाद एवं समन्वय करेंगे।

