रायपुर,02 दिसंबर (आरएनएस)। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाले दूसरे वनडे मुकाबले के लिए 3 दिसंबर 2025 को शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम नया रायपुर में भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस ने विस्तृत रूट और पार्किंग प्लान जारी किया है। दर्शकों की सुविधा व खिलाड़ियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए शहर व प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचने वाले लोगों के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
=रायपुर शहर से स्टेडियम जाने का मार्ग=
शहर से स्टेडियम जाने वाले दर्शक तेलीबांधा थाना तिराहा से नेशनल हाईवे-53 होकर सेरीखेड़ी ओवरब्रिज से नया रायपुर मार्ग पर पहुंचेंगे। इसके बाद चीचा स्टेडियम तिराहा से साईं अस्पताल रोड होकर साईं अस्पताल पार्किंग और सेंध तालाब पार्किंग में वाहन खड़े कर पैदल स्टेडियम तक जाएंगे।
=बिलासपुर दिशा से आने वाले दर्शकों के लिए मार्ग=
बिलासपुर–रायपुर रोड से आने वाले दर्शक धनेली नाला से रिंग रोड-3 होते हुए विधानसभा चौक, राजू ढाबा जंक्शन, NH-53 से मंदिर हसौद होकर नवागांव पहुंचेंगे। यहां से स्टेडियम टर्निंग लेकर परसदा और कोसा पार्किंग में वाहन पार्क कर पैदल प्रवेश करेंगे।
=बलौदाबाजार–खरोरा मार्ग से आने वालों के लिए रूट=
बलौदाबाजार मार्ग से आने वाले दर्शक विधानसभा ओवरब्रिज चौक से रिंग रोड-3, विधानसभा चौक, राजू ढाबा जंक्शन, NH-53, मंदिर हसौद, नवागांव और स्टेडियम टर्निंग से परसदा व कोसा पार्किंग तक पहुंचेंगे।
=धमतरी–जगदलपुर मार्ग से आने वाले दर्शकों का मार्ग=
इस दिशा से आने वाले दर्शक अभनपुर के रास्ते केंद्री, उपरवारा, मंत्रालय (डीडीयू) चौक, कोटराभाठा चौक और सेंध तालाब होकर साईं अस्पताल पार्किंग व सेंध तालाब पार्किंग में गाड़ी पार्क करेंगे।
=दुर्ग–भिलाई से आने वाले दर्शकों के लिए रूट प्लान=
दुर्ग-भिलाई दिशा से आने वालों के लिए टाटीबंध से रिंग रोड-1, पचपेढ़ीनाका, तेलीबांधा थाना तिराहा, NH-53, सेरीखेड़ी ओवरब्रिज, नया रायपुर रोड से स्टेडियम तिराहा होकर साईं अस्पताल एवं सेंध तालाब पार्किंग तक मार्ग निर्धारित किया गया है।
=महासमुंद–सरायपाली दिशा से आने वालों का मार्ग=
इस मार्ग से आने वाले दर्शक आरंग से सीधे स्टेडियम टर्निंग पहुंचकर परसदा व कोसा पार्किंग में वाहन खड़ा करेंगे।
=पासधारी वाहनों की पार्किंग एवं मार्ग=
पार्किंग पास A, B, C, D, E, F, G वाले वाहन सेरीखेड़ी ओवरब्रिज से नया रायपुर प्रवेश मार्ग, स्टेडियम टर्निंग, डॉ. खूबचंद बघेल चौक, कयाबांधा चौक (सेक्टर 15/21), कोटराभाठा चौक (सेक्टर 17/20) होते हुए सेंध, सेक्टर 4/10 की ओर से स्टेडियम की निर्धारित पार्किंग में प्रवेश करेंगे।
=भारी वाहनों पर प्रतिबंध=
मैच वाले दिन 3 दिसंबर को दोपहर 12 बजे से रात 1 बजे तक नया रायपुर से जुड़े सभी प्रवेश मार्गों पर मध्यम एवं भारी मालवाहक वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद रहेगा। लोगों को वैकल्पिक मार्गों के उपयोग की सलाह दी गई है।
=स्टेडियम में प्रतिबंधित वस्तुएं=
स्टेडियम परिसर में निम्न वस्तुएं बिल्कुल प्रतिबंधित रहेंगी—
शराब, बीड़ी-सिगरेट, गुटका, तंबाकू, माचिस–लाइटर, बोतलें, डिब्बे, टिफिन बॉक्स, संगीत वाद्ययंत्र, कुर्सी–स्टूल, छाता, नुकीले सामान, हथियार, पटाखे, खाद्य पदार्थ (बच्चों का भोजन छोड़कर), कांच के कंटेनर, बैग, सूटकेस, कैमरा, लैपटॉप, लेजर लाइट, परफ्यूम-स्प्रे, सीटी, हॉर्न, पोस्टर—और सभी प्रकार के सिक्के।
—


















