रायगढ़, 01 जुलाई (आरएनएस)। रायगढ़ पुलिस ने जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत तमनार क्षेत्र के आदतन झगड़ा-मारपीट और शांति भंग करने वाले सात युवकों के खिलाफ बड़ी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। सभी को एसडीएम न्यायालय में पेश किए जाने के बाद जेल वारंट जारी होने पर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश तथा एसडीओपी धरमजयगढ़ के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव ने क्षेत्र में लगातार झगड़ा, मारपीट और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले लोगों की शिकायतों की समीक्षा की। इसके बाद चिन्हित युवकों को थाने बुलाकर समझाइश दी गई। पुलिस के अनुसार, समझाइश के बावजूद उनके दोबारा शांति भंग करने की आशंका को देखते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 सहपठित धारा 123 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। सभी सातों युवकों को एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उनके खिलाफ जेल वारंट जारी कर उन्हें जेल भेज दिया गया।
जेल भेजे गए आरोपियों में चुडामणी गुप्ता (23), ग्राम बिजना, थाना तमनार, मनीष कुमार यादव (21), गोहड़ीडीपा, थाना तमनार, नारायण दास महंत (41), सरईटोला, थाना तमनार, मनीष कुमार यादव (26), पहाड़ उठेकेलो उदगम, थाना लैलूंगा, नरेन्द्र पटनायक (25), गोढ़ी, थाना तमनार व कमल किशोर सिदार (23), गोढ़ी, थाना तमनार है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रशांत राव के नेतृत्व में एएसआई सुरतीलाल सिदार तथा पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस जिले में जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्य कर रही है। आदतन झगड़ा-मारपीट करने वाले, गुंडागर्दी करने वाले और शांति भंग करने की कोशिश करने वाले तत्वों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
बंछोर
000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

