0 जिलाध्यक्षों को मिले कई अधिकार, अब चुनावी रणनीति पर काम
रायपुर, 01 जुलाई (रायपुर)। दस दिन तक चले कांग्रेस के जिलाध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में संगठन को मजबूत करने के लिए कई अहम फैसले लिए गए। अब जिलाध्यक्षों के कामकाज का मूल्यांकन रेड, येलो और ग्रीन कैटेगरी में किया जाएगा। इसके साथ ही उन्हें अपने-अपने जिले के कांग्रेस विधायकों का रिपोर्ट कार्ड तैयार करने और जनता के बीच उनकी छवि को लेकर सर्वे कराने की जिम्मेदारी भी दी गई है।
पार्टी के मुताबिक ग्रीन कैटेगरी में बेहतर प्रदर्शन करने वाले जिलाध्यक्ष, येलो कैटेगरी में सुधार की जरूरत वाले और रेड कैटेगरी में कमजोर प्रदर्शन करने वाले जिलाध्यक्ष रखे जाएंगे। इसी आधार पर संगठन उनकी कार्यशैली की समीक्षा करेगा।
विधायकों पर भी नजर, जनता से फीडबैक लेंगे जिलाध्यक्ष
प्रशिक्षण शिविर में जिलाध्यक्षों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने क्षेत्र के कांग्रेस विधायकों का रिपोर्ट कार्ड तैयार करें। इसके लिए जनता के बीच जाकर यह भी पता लगाया जाएगा कि विधायक के कामकाज को लेकर लोगों की क्या राय है। संगठन इस फीडबैक के आधार पर आगे की रणनीति तय करेगा।
संयम रखने की भी दी गई ट्रेनिंग
शिविर के दौरान जिलाध्यक्षों को संयम रखने का प्रशिक्षण भी दिया गया। इसमें उन्हें सिखाया गया कि विरोध-प्रदर्शन या तनावपूर्ण परिस्थितियों में किस तरह संयम बनाए रखना है, आवेश में नहीं आना है और विपरीत हालात में भी शांत रहकर स्थिति को संभालना है।
संगठन की मजबूती का प्रशिक्षण
रायपुर में जिलाध्यक्षों का प्रशिक्षण 10 दिनों तक चला। इसमें संगठन को मजबूत बनाने, चुनावी रणनीति, मीडिया प्रबंधन और जनता से बेहतर संवाद जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। शिविर के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी पहुंचे थे और संगठन को मजबूत बनाने के लिए जिला अध्यक्षों को टिप्स दिए थे।
समापन पर सरकार पर साधा निशाना
प्रशिक्षण शिविर के समापन के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में रेत माफिया का बोलबाला है और स्मार्ट बिजली मीटर को लेकर लोगों में नाराजगी है। कांग्रेस इन मुद्दों को गांव-गांव तक लेकर जाएगी।
बैज ने कहा, 10 दिन के मंथन से अमृत जरूर निकलेगा। भाजपा इंतजार करे, दो साल बाद सरकार को गांवों में जाने से पहले सोचना पड़ेगा।ज्ज्
वहीं कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा ने कहा कि प्रदेश में रेत माफिया सक्रिय हैं, स्मार्ट बिजली मीटर को लेकर लोगों में असंतोष है और युवाओं की आवाज दबाई जा रही है। कांग्रेस इन सभी स्थानीय और राष्ट्रीय मुद्दों को मजबूती से उठाएगी।
एसएस
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

