दुर्ग, 02 दिसंबर (आरएनएस)। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के हरिजन मोहल्ले में सोमवार की रात एक बड़ा हंगामा खड़ा हो गया, जब अनैतिक गतिविधियों का विरोध कर रहे स्थानीय लोगों और मोहल्ले की चार लड़कियों के बीच विवाद हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते स्थिति इतनी बिगड़ गई कि युवतियों ने लोगों पर केमिकल जैसा पदार्थ फेंक दिया, पत्थरों से वार किए और एक युवक पर ब्लेड से हमला कर उसे घायल कर दिया। अचानक हुए इस हमले से पूरे इलाके में भय का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, मोहल्ले के कुछ निवासी लंबे समय से लड़कियों द्वारा किए जा रहे संदिग्ध कार्यों का विरोध कर रहे थे। इसी बात को लेकर बहस शुरू हुई, जो थोड़ी देर में मारपीट में बदल गई। चारों युवतियों ने मिलकर मोहल्ले के लोगों पर हमला कर दिया और ब्लेड चलाने के साथ एसिडनुमा तरल पदार्थ फेंककर दहशत फैला दी।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और हमले में शामिल चारों लड़कियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस उनसे लगातार पूछताछ कर घटना के कारणों की जानकारी जुटा रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मोहल्ले में शांति बहाल करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
००००

